अंबेडकरनगर। जिले के 1873 परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत 1 हजार 908 रसोइया मजदूरों के लिए खुशखबरी है। दशहरा पर्व से पहले ही उन्हें तीन माह का मानदेय भुगतान हो जाएगा। इसके लिए गत दिवस ही शासन से जिले को लगभग 2 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हो गई है। रसाइा मजदूरों को शीघ्र ही तीन माह का भुगतान हो सके, इसके लिए जरूरी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। तीन माह के बकाए भुगतान होने से कोरोना संकट में आर्थिक मुश्किलें से जूझ रहे रसोइया मजदूरों को राहत मिलेगी।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित 1873 परिषदीय विद्यालयों में 4 हजार 908 रसोइया मजदूर तैनात हैं। रसोइया मजदूरों को बीते जुलाई माह से मानदेय भुगतान नहीं हो सका था। इसके चलते संबंधित रसोइया मजदूरों को विभिन्न प्रकार के आर्थिक मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। बकाया मानदेय भुगतान किए जाने को लेकर समय समय पर रसोइया मजदूरों द्वारा आवाज बुलंद की जा रही थी, लेकिन इसे लेकर कोई गंभीरता जिम्मेदारों द्वारा नहीं दिखाई जा रही थी। रसोइया मजदूरों द्वारा लगातार उठाई जा रही मांग के बीच बीते दिनों ही बीएसए कार्यालय ने शासन को पत्र भेजकर भुगतान किए जाने के लिए लगभग 2 करोड़ रुपये की मांग की थी।
इस बीच एमडीएम प्रभारी सत्यप्रकाश मौर्या ने बताया कि गत दिवस शासन से 4908 रसोइया मजदूरों के लिए जुलाई, अगस्त व सितंबर माह का मानदेय 1 करोड़ 97 लाख 32 हजार 975 रुपये उपलब्ध हो गए हैं। बताया कि राशि उपलब्ध होने के साथ ही रसोइया मजदूरों का तीन माह का भुगतान की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। उधर बीएसए अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शासन से गत दिवस ही तीन माह के बकाया भुगतान की राशि बीएसए कार्यालय को उपलब्ध हो गई है। भुगतान की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। दशहरा पर्व से पहले ही तीन माह का बकाया भुगतान कर दिया जाएगा।