अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को डीआईओएस कार्यालय पहुंचकर डीआईओएस और लेखाधिकारी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का मई का वेतन अविलंब भुगतान किया जाए। वेतन न मिलने से शिक्षकों और कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मई व जून का बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर बीते कुछ दिनों से माध्यमिक शिक्षक के तत्वावधान में शिक्षक और शिक्षणेत्तर आंदोलनरत हैं। सोमवार को जिलाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने डीआईओएस व लेखाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
कहा गया कि तदर्थ शिक्षकों के साथ ही सभी शिक्षकों व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का मई का वेतन अविलंब भुगतान किए जाए। साथ ही जून व जुलाई के वेतन भुगतान को लेकर भी जरूरी प्रक्रिया प्रारंभ की जाए। वेतन भुगतान न होने से शिक्षकों व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के समक्ष विभिन्न प्रकार की आर्थिक मुश्किलें खड़ी हो रही हैं।
इस दौरान मनोज कुमार सिंह, महाबल सिंह, संजय तिवारी, केपी राय, पवन जायसवाल, प्रदीप पांडेय, राजकुमार सिंह, प्रदीप सिंह, अखिलेश तिवारी, अमितेष चौधरी व महेंद्र यादव आदि मौजूद रहे। इस बीच डीआईओएस प्रवीण कुमार मिश्र ने बताया कि मई के वेतन भुगतान के लिए बिल का निकलना प्रारंभ हो गया है।