जिला अस्पताल में लगी मरीजों की लंबी लाइन
अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। इस पूरे सप्ताह में प्रतिदिन 1800 से 2000 मरीजों की आमद रही, जबकि सामान्य तौर पर यह संख्या 1100 से 1200 के आसपास रहती थी। मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण अस्पताल की व्यवस्थाएं प्रभावित हुई हैं।
बदलते मौसम के कारण सर्दी-खांसी, बुखार, उल्टी-दस्त, घबराहट जैसे रोगों से पीड़ित मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। अस्पताल की ओपीडी में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज अपना इलाज कराने पहुंचते हैं। शनिवार को भी करीब दो हजार मरीजों ने इलाज कराया, जबकि सामान्य तौर पर शनिवार को भीड़ कम होती है।
अस्पताल परिसर में मरीजों की भीड़ अधिक होने से सबसे ज्यादा समस्या पंजीकरण व दवा वितरण के दौरान देखने को मिल रही है, इस दौरान लोगों को लंबी लाइन में खड़े होना पड़ रहा है। वहीं विभिन्न जांचों के लिए भी लोगों को लाइन लगानी पड़ रही है। ओपीडी में इलाज के दौरान लोगों को लंबे समय तक इंतजार करना होता है। मरीज सरला देवी ने बताया कि सुबह से लेकर शाम तक अस्पताल में लाइन लगानी पड़ी, तब जाकर दवा मिल सकी। लाइन में खड़े होकर ही पूरा दिन गुजर गया। मरीज रमेश ने बताया कि परचा व दवा की लाइन में सबसे ज्यादा समय लग गया।
बरसात में बढ़ जाती हैं बीमारियां
बरसात के मौसम में मरीजों की संख्या स्वत: बढ़ जाती है, फिर भी अस्पताल के चिकित्सक व अन्य स्टाफ मरीजों की सेवा में कार्यरत हैं। किसी प्रकार की परेशानी नहीं है।
डॉ. पीएन यादव, सीएमएस