अंबेडकरनगर। जिले में औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में बेवाना और कटका में प्रस्तावित इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर्स (आइएमएलसीएस) की स्थापना को प्रक्रिया तेज हो गई है। दोनों क्षेत्रों में अवस्थापना विकास के लिए 616.77 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया था, जिसके सापेक्ष 507.52 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। प्रस्ताव पर बैठक के बाद बजट तय होने से अब परियोजना से जुड़ी अगली कार्रवाई शुरू होने की उम्मीद है।
अकबरपुर तहसील क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 161.100 किलोमीटर पर बेवाना, जगदीशपुर मुस्लिमपट्टी और खानजहांपुर गांवों में 570 एकड़ भूमि अधिग्रहीत की गई है। यहां औद्योगिक भूखंडों की आवंटन दर 4950 रुपये प्रति वर्ग मीटर प्रस्तावित है। दूसरी ओर, जलालपुर तहसील में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के निकट कटका क्षेत्र के अजमलपुर, नूरपुर कला और गौरा बड़ाह गांवों में औद्योगिक विकास के लिए 361 एकड़ भूमि प्रस्तावित है।
बेवाना में औद्योगिक क्षेत्र के अवस्थापना विकास के लिए 284 करोड़ 80 लाख 62 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर कटका में अटल इंडस्ट्रियल इंफास्ट्रक्चर मिशन के तहत 222 करोड़ 71 लाख 44 हजार रुपये की स्वीकृति मिली है। दोनों परियोजनाओं के लिए उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवेज औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) ने प्रस्ताव तैयार कर योजना विभाग को भेजा था। एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय ने भी बीते अप्रैल में मुख्यमंत्री को पत्र देकर इन क्षेत्रों के विकास का मुद्दा उठाया था। एमएलसी ने बताया कि औद्योगिक गलियारे की स्थापना से न सिर्फ उद्योगों की स्थापना होगा बल्कि जिले के विकास को भी रफ्तार मिलेगी।