अंबेडकरनगर के अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का इंतजार करते यात्री।
- फोटो : अमर उजाला
खराब मौसम के बीच ट्रेनों के विलंब से चलने का सिलसिला कम होने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को भी छह ट्रेनें पांच से आठ घंटे विलंब से अकबरपुर पहुंचने की जानकारी यात्रियों को दी गई। इसके चलते कड़ाके की ठंड में यात्रियों को घंटों ट्रेन का इंतजार करना पड़ा। ट्रेनों के विलंब से चलने का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है।
कभी ट्रेन निरस्त होने की जानकारी यात्रियों को दी जा रही है तो कभी घंटों विलंब से चलने की। इससे यात्रियों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को भी छह ट्रेनें घंटों विलंब से अकबरपुर पहुंचीं या फिर पहुंचने की जानकारी दी गई।
मंगलवार देर शाम छह बजकर 43 मिनट पर अकबरपुर पहुंचने वाली कैफियात अप एक्सप्रेस पांच घंटा विलंब से पहुंची तो बुधवार सुबह छह बजकर 45 मिनट पर पहुंचने वाली कैफियात डाउन एक्सप्रेस आठ घंटा विलंब से आई। बुधवार देर शाम छह बजकर 43 मिनट पर पहुंचने वाली कैफियात एक्सप्रेस निर्धारित समय से तीन घंटा विलंब से पहुंचने की जानकारी दी गई।
दून अप एक्सप्रेस निर्धारित समय 12 बजकर 30 मिनट से चार घंटा तो दून डाउन एक्सप्रेस निर्धारित समय एक बजे से साढ़े छह घंटा विलंब से अकबरपुर पहुंची। सरयू-यमुना अप एक्सप्रेस निर्धारित समय बुधवार पूर्वाह्न 11 बजे से चार घंटा विलंब से अकबरपुर पहुंची।
स्टेशन अधीक्षक एसएन सिंह ने बताया कि मौसम का कुछ असर पड़ रहा है लेकिन स्थिति में अब सुधार हो रहा है। एक-दो दिन में स्थिति और ठीक हो जाएगी। स्टेशन पर यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं।