अंबेडकरनगर। स्वास्थ्य विभाग के सर्वे में जिले के 13 गांव ऐसे मिले हैं, जहां टीकाकरण की प्रगति शून्य है। विभाग इन गांवों में विशेष जागरूकता अभियान चलाएगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम, स्थानीय चिकित्सा अधिकारी व विभाग के वालंटियर को ये जिम्मेदारी दी जाएगी।
बसखारी ब्लॉक में हंसवर, सीमोर खानपुर, भूलेपुर, केवटला व अकबरपुर के बहलोलपुर, बरधा भिउरा, इमामपुर, कटुई, कुरछा, रामनगर नरसिंहपुर, पसपना, तुलसी सुल्तानपुर व मोहसिनपुर गांव ऐसे हैं, जहां पर बच्चों को 12 जीवन रक्षक टीका लगवाने में यहां के ग्रामीण रुचि नहीं ले रहे हैं। सर्वे में यह बात भी सामने आई कि यहां पर भट्ठा आदि जगहों पर काम करने वाले मजदूर वर्ग के लोगों की संख्या अधिक है। इन गांवों में वहां के लोगों के साथ स्थानीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, चिकित्सा अधिकारी व गांव के संभ्रांतजन के साथ मिलकर चौपाल लगाई जाएगी। गांव के लोगों को नियमित टीका न लगवाने पर बच्चों में होेने वाली बीमारियों के बारे में बताया जाएगा। टीकाकरण के फायदे गिनाए जाएंगे। विशेष अभियान के लिए कर्मियों को शिफ्टवार जिला मुख्यालय पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद ये अलग-अलग दिनों में गांव जाकर जागरूकता कार्यक्रम करेंगे।
ग्रामीणों को जागरूक करेंगे कर्मचारी
स्वास्थ्य विभाग के सर्वे में टीकाकरण में रुचि न लेने पर जिले के 13 गांव चिह्नित किए गए हैं। टीम बनाकर कर्मचारी गांवों में जाएंगे और वहां के लोगों को टीकाकरण के लिए जागरूक करेंगे। इसके लिए पहले जिला मुख्यालय पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद ये कार्यकर्ता गांव में जाएंगे। - डॉ. राजकुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी