अकबरपुर नवीन मंडी स्थित क्रय केंद्र पर धान खरीद की तैयारी में जुटे कर्मी।
अंबेडकरनगर। जिले में चार नवंबर से सरकारी धान क्रय केंद्रों पर खरीद शुरू की जाएगी। इस बार छह एजेंसी के 88 क्रय केंद्रों पर धान की खरीद के लिए 13,6600 एमटी लक्ष्य दिया गया है। सभी केंद्रों पर जरूरी प्रबंध अंतिम चरण में हैं।
धान की फसल को लेकर प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल जनपद में तीन लाख 85 हजार किसानों ने लगभग एक लाख 15 हजार हेक्टेयर में धान की रोपाई की है। सभी किसानों को कृषि विभाग से पंजीयन के लिए एसएमएस भी भेजा जा रहा है। फसल की बिक्री के लिए 88 क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। शासन के निर्देश पर एक नवंबर से धान की खरीद का कार्य शुरू होना था। हालांकि दीपावली पर्व के अवकाश के चलते अब धान की खरीद चार नवंबर से शुरू होगी। खाद्य एवं विपणन कार्यालय के अनुसार खाद्य विभाग के 29, पीसीएफ के 32, पीसीयू के 15 यूपीएसएस के सात, मंडी समिति के दो और भारतीय खाद्य निगम के तीन क्रय केंद्र बने हैं। सभी केंद्रों पर बोरा व उपकरण की उपलब्धता आदि की तैयारी की जा चुकी है।
7348 किसानों ने कराया पंजीयन
धान की बिक्री के लिए सभी पांच तहसीलों के 7348 लोगों ने पंजीयन कराया है, जिसमें से 1199 लोगों का सत्यापन पूरा हो चुका है। शेष की सत्यापन प्रक्रिया एडीएम और एसडीएम स्तर पर लंबित है। इसके सत्यापन का कार्य चल रहा है। कार्यालय के अनुसार टांडा तहसील में 1589, आलापुर में 1291, जलालपुर में 1757, अकबरपुर तहसील क्षेत्र में 2290 व भीटी तहसील में 421 किसानों ने अपनी धान की उपज बेचने के लिए पंजीयन कराया है।
चार से होगी धान की खरीद
दीपावली पर्व के अवकाश के चलते किसान अपनी धान की उपज को चार नवंबर से अपने निकट के क्रय केंद्र पर बिक्री कर सकते हैं। साथ ही अपना पंजीयन अवश्य करा लें, जिससे उपज को बेचने में कोई परेशानी न हो। -संतोष कुमार द्विवेदी, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी