सुबह से ही अकबरपुर नगर से होकर गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्रालियों का अकबरपुर चीनी मिल मिझौड जाना प्रारंभ हो जाता है, जो सिलसिला देर रात तक चलता रहता है। जाम में फंसे लोगों का कहना है कि यदि ऐसे वाहनों को पहितीपुर मार्ग से होकर चीनी मिल भेजा जाए, तो जाम की समस्या में कुछ हद तक कमीं आ सकती है।
मंगलवार को भी दिन में कई बार ऐसी गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्रालियों से जाम की समस्या उत्पन्न हो गई। जाम में फंसे अकबरपुर के जवाहिरलाल व अविनाश ने कहा कि जाम की समस्या से राहत दिलाने को लेकर पुलिस प्रशासन ही गंभीर नहीं है।
न तो लंबे समय से अतिक्रमण विरोध अभियान चलाया जा सका है और न ही इस प्रकार के ओवरलोडेड वाहनों के विरुद्घ किसी प्रकार की कार्रवाई ही की जा रही है। सामाजिक कार्यकर्ता डा रमाकांत मिश्र ने कहा कि यदि गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्रालियों को पहितीपुर मार्ग से चीनी मिल भेजा जाए, तो जाम की समस्या से कुछ हद तक राहत मिल सकती है।
उधर एएसपी राहुल राज ने बताया कि जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।