कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को एडीएम से मिलने के लिए एकत्रित राजकीय मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्?
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में चल रही अवैध वसूली को लेकर मंगलवार को मेडिकल छात्र-छात्राओं का आक्रोश फूट पड़ा। करीब 300 छात्र-छात्राओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर एडीएम से मुलाकात की। साथ ही उन्होंने उत्पीड़न व शोषण को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। बताया कि वसूली का विरोध करने पर परीक्षा में न बैठने देने की धमकी दी जाती है। एडीएम ने उन्हें जांच कर जरूरी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
मेडिकल कॉलेज में अवैध वसूली व उत्पीड़न को लेकर छात्र-छात्राएं कुछ दिनों से आंदोलित हैं। बीते दिनों ही उन्होंने मेडिकल कॉलेज परिसर में एकजुट होकर धरना दिया था। इसके बाद डीएम सैमुअल पॉल एन ने खबरों का संज्ञान लेते हुए एडीएम व एएसपी को जांच अधिकारी नियुक्त करते हुए विस्तृत जांच का निर्देश दिया था।
इस बीच मंगलवार को छात्र-छात्राओं का धैर्य जवाब दे गया। करीब 300 छात्र-छात्राओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मेडिकल कॉलेज प्रशासन पर शोषण का आरोप लगाया। कहा कि यूं तो बयान दर्ज कराने के लिए चंद छात्र ही आ सकते थे, लेकिन चूंकि सभी छात्र-छात्राएं आजिज आ चुके हैं इसलिए एकजुट होकर वे सब आए हैं। एडीएम से मिलकर युवाओं ने अपने बयान दर्ज कराए।
छात्र-छात्राओं ने कहा कि शिकायत करने पर कभी नंबर कम कर दिए जाने की धमकी दी जाती है तो कभी हाजिरी कम करने की। कभी-कभी तो परीक्षा में फेल कर दिए जाने की धमकी दी जाती है। कई तरह की आर्थिक वसूली का भी आरोप लगाया गया।
एडीएम अशोक कुमार कनौजिया ने बताया कि छात्र-छात्राओं के बयान दर्ज हो गए हैं। मेडिकल कॉलेज प्रशासन का पक्ष लिया जाएगा। इसके बाद विस्तृत जांच रिपोर्ट डीएम को सौंप दी जाएगी।