अकबरपुर नगर में निकली जन आक्रोश रैली में शामिल लोग।
अंबेडकरनगर। बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में हिंदू रक्षा समिति ने मंगलवार को जिला मुख्यालय पर हिंदू जन आक्रोश सभा की। इसके बाद अकबरपुर नगर में जन आक्रोश रैली भी निकाली।
बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों के साथ बढ़ते अत्याचार के विरोध में मंगलवार को विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, धर्म जागरण मंच, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, सिख समाज, इस्कॉन परिवार, बाबा जयगुरुदेव संगठन से जुड़े पदाधिकारियों तथा मठ मंदिरों के प्रमुख संतों की अगुवाई में नगर के गायत्री मंदिर के निकट स्थित मैदान में जनआक्रोश सभा हुई। राम मंदिर ट्रस्ट के स्थायी सदस्य अनिल ने बांग्लादेश में हिंदुओं की स्थिति पर चिंता जताई।
विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री गोपाल ने कहा कि बांग्लादेश की सरकार व कट्टरपंथियों की मिलीभगत से हो रहा अत्याचार बंद होना चाहिए। भारत यदि बांग्लादेश को बना सकता है तो उसे मिटा भी सकता है। उन्होंने हिंदुओं व सभी समाज के लोगों को एकजुट होकर बांग्लादेश की घटना का पुरजोर विरोध करने का आह्वान किया। बाद में अकबरपुर नगर में विरोध मार्च भी निकाला गया। प्रमुख संतों में श्याम प्रभु, कृष्णदास, ओमप्रकाश, राहुल दुबे, मुनिजी, देवनाथ आदि संतों के अलावा एमएलसी हरिओम पांडेय, विधायक धर्मराज निषाद, पूर्व सांसद रितेश पांडेय, पूर्व जिलाध्यक्ष रमाशंकर सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष साधू वर्मा, किछौछा नगर पंचायत अध्यक्ष ओमकार गुप्त समेत पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। आक्रोश सभा में अलग-अलग स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने भी भागीदारी की।