अंबेडकरनगर। होली के बाद चालक व परिचालकों के अभाव में अकबरपुर डिपो की बृहस्पतिवार को 30 बसों का संचालन हो पाया। बाकी 46 बसें डिपो में खड़ी रहीं। डिपो से दिल्ली, कानपुर, लखनऊ, सुल्तानपुर, गोरखपुर, मऊ, आजमगढ़ और गोंडा सहित 76 बसों का संचालन किया जाता है। पर्याप्त बसें न चलने की वजह से कई यात्री बसों के इंतजार में भटकते रहे।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बसों के संचालन के लिए सभी चालक व परिचालकों को 18 मार्च तक अवकाश नहीं दिया गया था। 18 मार्च के बाद 25 चालक व परिचालक अपने घरों के लिए प्रस्थान कर गए हैं। बसें न मिलने के कारण यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बस्ती जाने वाले यात्री रामआसरे ने बताया कि दो घंटे से कोई बस नहीं मिली है। लगता है प्राइवेट साधन का सहारा लेना पड़ेगा।
श्रवण क्षेत्र की श्वेता सिंह ने बताया कि होली के त्योहार में घर आए थे। वह लखनऊ में पढ़ाई करती हैं। दो घंटे से कोई बस नहीं मिल रही है। एआरएम हरिओम श्रीवास्तव ने बताया कि चालक व परिचालकों को 18 मार्च तक कोई अवकाश नहीं दिया गया। इसलिए त्योहार समाप्त होने के बाद 25 चालक व परिचालक छुट्टी हैं। इसकी वजह से 46 रोडवेज बसें डिपो में खड़ी हैं।
इनसेट-
डिपो के बेड़े में शामिल होगी रोडवेज की दो नई बीएस-6 बसें
अकबरपुर डिपो के बेड़े में अब दो नई बीएस-6 बसें शामिल होने जा रही हैं। बसों को लाने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को शुक्रवार को रवाना किया जाएगा। इन बसों के आने के बाद डिपो में बसों की संख्या का 78 हो जाएगी।