अंबेडकरनगर। जिले में वर्ष 2025-26 में प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा व उत्थान महाभियान (पीएम–कुसुम योजना) के तहत किसानों को अनुदान पर सोलर पंप उपलब्ध कराए जाएंगे।
उप कृषि निदेशक डॉ. अश्विनी कुमार सिंह ने बताया कि विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया 26 नवंबर को दोपहर 3 बजे से शुरू होकर 15 दिसंबर तक संचालित रहेगी। निर्धारित अवधि के बाद किसी भी किसान का पंजीकरण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बुकिंग केवल उन्हीं किसानों द्वारा की जा सकेगी, जिनका नाम विभागीय वेबसाइट पर पंजीकृत है। पंजीकरण के समय पांच हजार रुपये की टोकन मनी ऑनलाइन जमा करना अनिवार्य रहेगा। किसानों का चयन पारदर्शी तरीके से ई-लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा और चयन की जानकारी पंजीकृत मोबाइल नंबर पर संदेश के रूप में भेजी जाएगी।