बाराबंकी। जिला अस्पताल की इमरजेंसी में सोमवार काे डेंगू और मलेरिया का एक-एक और मरीज भर्ती कराया गया है। हालत बिगड़ने पर सोमवार को परिजन दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे जहां इलाज शुरू हुआ। इसके अलावा ओपीडी में मरीजाें की काफी भीड़ रही जिसकी वजह से घंटों इंतजार के बाद इलाज मिल सका।
जहांगीराबाद निवासी अयाज (43) पिछले कई दिनों से बुखार से पीड़ित था, हालत बिगड़ने पर परिजनों ने निजी पैथोलॉजी में जांच कराई तो डेंगू पाॅजिटिव मिलने पर जिला अस्पताल की इमरजेंसी में उसे भर्ती कराया। इसी प्रकार दादरा की फातिमा (35) मलेरिया पॉजिटिव होने पर भर्ती हुईं। इसके अलावा तेज बुखार से पीड़ित राजेश कुमार, चांदनी, सोहनलाल मंतशा, सुनील को इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है।
उधर जिला अस्पताल की ओपीडी में 2403 मरीज इलाज को पहुंचे। लेकिन भीड़ अधिक होने की वजह से मरीजों पर्चा बनवाने से लेकर दवा लेने तक के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। इस दौरान बुखार के सबसे ज्यादा 749 मरीज देखे गए। इसके अलावा बदन दर्द के 574, त्वचा रोग के 658, पेटदर्द के 357, नेत्र रोग के 311, हड्डीरोग के 487 मरीज देखे गए। इलाज के लिए आए राम बहादुर, कौशलेंद्र, जानकी प्रसाद ने बताया कि कई दिनों से बुखार आ रहा है सुबह नौ बजे आ गया था लेकिन दोपहर एक बजे जाकर दवा मिल सकी। वहीं एक्सरे और ब्लड की जांच कराने के लिए मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
वर्जन
डेंगू मरीज की एलाइजा जांच के लिए सैंपल भेजा गया है। मलेरिया पीड़ित मरीज का इलाज चल रहा है। ओपीडी में मरीजों को कोई असुविधा न हो इसका पूरा प्रयास किया जाता है।
डॉ. जेपी मौर्य, सीएमएस