जानलेवा बीमारी डेंगू का प्रकोप टांडा तहसील क्षेत्र के बाहर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी बढने लगा है। बीते दिनों ही टांडा तहसील क्षेत्र के सकरावल व इर्दगिर्द के गांवों में डेंगू के कई संभावित मरीज मिले थे। डेंगू से चार लोगों की मौत भी हो चुकी थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम विवेक ने सकरावल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाने का निर्देश दिया था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम कैंप लगाकर लगातार नागरिकों के स्वास्थ्य का परीक्षण कर रही है।
बीते दिनों ही 6 से अधिक डेंगू के संभावित मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके अलावा अकबरपुर व अहिरौली थाना क्षेत्र के भी एक एक मरीजों में डेंगू के संभावित लक्षण पाए जाने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका है।
इस बीच जैतपुर थाना अन्तर्गत करीमनगर गांव निवासी जगन्नाथ 40 पुत्र रामबुझावन को शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जाता है कि बीते दो दिनों से वह बुखार से पीड़ित था। स्थानीय स्तर पर इलाज के बाद भी जब राहत नहीं मिली, तो उसे सीएचसी नगपुर में भर्ती कराया गया, जहां जांच में उसमें डेंगू के लक्षण पाए गए।
इसके बाद उसे शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीएमएस डा. केएस पाण्डेय ने बताया कि जगन्नाथ में डेंगू के संभावित लक्षण पाए गए हैं। उसका इलाज चल रहा है।