बसखारी। हंसवर थाना क्षेत्र के हीरापुर बाजार स्थित मेडिकल स्टोर संचालक से पांच दिन पूर्व 5 लाख रुपये रंगदारी मांगने के मामले में हंसवर पुलिस ने गुरुवार देर रात मैंदी रोड से आरोपी को तमंचा व कारतूस के साथ पकड़ लिया। मेडिकल के दौरान आरोपी कोविड संक्रमित पाया गया। पुलिस की निगरानी में उसे आइसोलेट किया गया है।
हंसवर थाना क्षेत्र के मुंडेरा रसूलपुर निवासी सुनील का हीरापुर में मेडिकल स्टोर है। 11 अप्रैल को सुनील के मोबाइल पर अज्ञात कालर का फोन आया कि यदि अपनी जान की सलामती चाहते हो तो 5 लाख रुपये की व्यवस्था कर दो। घबराए सुनील ने 5 लाख रुपये देने की बात स्वीकार कर ली। कुछ देर बाद ही हंसवर के डड़वा निवासी दिनेश उर्फ भोला यादव व्यापारी की दुकान पर पहुंच गया।
सुनील ने पुलिस को भोला व एक अज्ञात के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया। इस बीच गुरुवार रात थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह पुलिस बल के साथ मैंदी रोड पर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दिनेश उर्फ भोला यादव निवासी डड़वा हंसवर बताया। आरोपी ने माफिया खान मुबारक के सहयोगी व डेढ़ लाख के इनामी परवेज निवासी मखदूमनगर अलीगंज के कहने पर फिरौती मांगने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि परवेज ने फिरौती की रकम अपनी ससुराल औझीपुर हंसवर में सास को को देने की बात कही थी।