हत्या के बाद जांच करने पहुंचे अधिकारी व पुलिस कर्मी।
राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। क्षेत्र में मंगलवार को दोपहर बाद बाग में बकरी चरा रहे एक वृद्ध की कुल्हाड़ी से हमलाकर हत्या कर दी गई। घटना के पीछे भूमि विवाद बताया गया है। परिजनों का आरोप है कि विवाद के चलते भतीजों ने वारदात की। मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के विरुद्ध हत्या के साथ अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। आरोपी अभी फरार हैं।
यह घटना चांड़ीपुर गांव में हुई। गांव के सब्बुल (70) मंगलवार दोपहर बाद साढ़े तीन बजे बकरी चराने बाग में गए थे। इसी बीच उनका भतीजा ताज मोहम्मद कुल्हाड़ी लेकर वहां पहुंच गया। परिजनों का आरोप है कि भूमि विवाद को लेकर भतीजे ने सब्बुल की गर्दन पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इससे सब्बुल की गर्दन पर गंभीर घाव हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े लेकिन तक तक हमलावर वहां से भाग निकला।
जीवित होने की उम्मीद में सब्बुल को लेकर परिजन सीएचसी जहांगीरगंज पहुंचा तो चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी होते ही एसओ बेचूसिंह यादव मौके पर पहुंचे और परिजनों से घटना के बारे में जानकारी की। मृतक के पुत्र सलाहुद्दीन की तहरीर पर पुलिस ने तीन सगे भाइयों ताज मोहम्मद, शमशेर अली व मैनुद्दीन के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज किया है।
बताया जाता है कि सब्बुल व उसके भाई रब्बुल के बीच एक भूखंड को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। एक माह पहले भी दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। इस पर पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर समझौता करा दिया था। इसके बाद भी रब्बुल के पुत्र ताज मोहम्मद ने घटना को अंजाम दे दिया। एसपी अजीत सिन्हा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात की।