अंबेडकरनगर। कलेक्ट्रेट में सोमवार को डीएम ने पोषण पखवाड़ा अभियान का शुभारंभ किया। आंगनबाड़ी व सहायिका की जागरूकता रैली को झंडी दिखाने से पहले उन्होंने पांच महिलाओं की गोदभराई करते हुए पोषण किट के साथ सहजन का पौधा भेंट किया। दो बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया।
डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि 3 अप्रैल तक इस अभियान के तहत गांव-गांव जाकर आम लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा। जन जागरूकता से ही लोग सेहत को लेकर गंभीर होंगे और कुपोषण जैसी समस्या से निजात मिलेगी।
कलेक्ट्रेट परिसर में रंगोली के माध्यम से कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, विटामिन, कैल्शियम, वसा व अन्य खनिज युक्त खाद्य पदार्थों के बारे में आंगनबाड़ी व सहायिकाओं ने जानकारी दी। इस प्रयास की डीएम ने सराहना की। सभी को बेहतर स्वास्थ्य का संकल्प भी दिलाया।
एडीएम डॉ. सदानंद गुप्त ने भी लोगों को पोषण पखवाड़ा अभियान की सार्थकता के बारे में समझाया। बाद में डीएम ने कलेक्ट्रेट से आंगनबाड़ी व सहायिकाओं की जागरूकता रैली को रवाना किया।
कलेक्ट्रेट से निकली जागरूकता रैली टांडा मार्ग होते हुए रोडवेज, पुराने तहसील तिराहा व शहजादपुर आदि क्षेत्रों में भ्रमण किया। लोगों को मोटे अनाज के प्रयोग के लिए जागरूक किया। इस मौके पर सीएमओ डॉ. श्रीकांत शर्मा, डीपीओ दिनेश मिश्र, सीडीपीओ शेषनाथ वर्मा, बलराम सिंह, विनोद कुमार, फूलकुमारी, नीरज पांडेय व अखिलेश वर्मा आदि मौजूद रहे।