अंबेडकरनगर। नगर पंचायत अध्यक्ष जहांगीरगंज सुनीता देवी शनिवार को डीएम अविनाश सिंह के कार्यालय पहुंची। उनसे मुलाकात की। उन्होंने जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की। डीएम ने एएसपी को निर्देश दिया कि सुरक्षा के समुचित प्रबंध किए जाएं। एएसपी पूर्वी श्याम देव ने बताया कि जहांगीरगंज थाने को जरूरी निर्देश दे दिए गए हैं।
एक दिन पहले ही सुनीता ने नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर यह कहा था कि उनका कोई प्रतिनिधि अब नहीं है। वह स्वयं ही पूरा काम देखेंगी। अब तक उनके प्रतिनिधि के तौर पर सुनील मौर्य काम देख रहे थे। बीते दिनों ही सुनील ने अपने एक हिस्ट्रीशीटर सहयोगी के साथ मिलकर अधिशासी अधिकारी से अभद्र व्यवहार किया था। इसमें इन दोनों के खिलाफ थाने में केस दर्ज कराया गया था। इसी के बाद अब अपने प्रतिनिधि के तौर पर सुनील को हटाने के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष ने डीएम से मिलकर सुरक्षा मांगी। डीएम को दिए पत्र में लिखा कि मुझे कुछ अराजकतत्वों से जान का खतरा है। (संवाद)