अंबेडकरनगर। कटेहरी ब्लॉक क्षेत्र के पीठापुर सरैंया और आसपास के गांवों के छात्र-छात्राओं को अब शिक्षा हासिल करने के लिए 12 किमी. दूर नहीं जाना पड़ेगा। जल्द ही गांव में ही वह पढ़ाई कर सकेंगे। यहां राजकीय इंटर कॉलेज की सौगात मिली है, जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
कटेहरी ब्लॉक क्षेत्र के पीठापुर सरैंया व आसपास के गांवों के छात्र-छात्राओं को पढ़ाई करने के लिए काफी दूर जाना पड़ता है। काफी समय से लोग गांव में इंटर कॉलेज बनवाए जाने की मांग कर रहे थे। पीठापुर सरैंया गांव निवासी बाबा आनंद सिंह ने कॉलेज स्थापित कराने की मांग ग्राम्य विकास समग्र ग्राम एवं ग्रामीण अभियंत्रण राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम से की थी। अब राज्यमंत्री ने गांव में इंटर कॉलेज बनवाने का एलान कर दिया है। राज्यमंत्री का कहना है कि सरकार शिक्षा को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है। इसी के तहत इंटर काॅलेज बनवाने की सौगात लोगों को दी गई है। बाबा आनंद सिंह कहते हैं कि आजादी के बाद भी यहां पर इंटर कॉलेज नहीं है। राज्यमंत्री के प्रयास से अब उनके क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को पढ़ाई करने के लिए ज्यादा दूरी नहीं तय करनी पड़ेगी।