फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अब धान बिक्री में सत्यापन का अड़ंगा

विज्ञापन
अकबरपुर तहसील में धरने पर डटे लेखपाल। -संवाद - फोटो : AMBEDKAR NAGAR
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। लेखपालों की बेमियादी हड़ताल ने धान किसानों की मुश्किलें बढ़ा रखी हैं। धान बेचने के लिए पंजीकरण कराने वाले किसानों का भूलेख सत्यापन हड़ताल के चलते ठप हो गया है। अभी भी 12,470 किसानों के कागजात का सत्यापन होना बाकी है। यदि शीघ्र ही हड़ताल समाप्त न हुई तो इनके समक्ष धान बेचने में बड़ी समस्या खड़ी हो सकती है।
विज्ञापन

कई तरह की मुश्किलों से संघर्ष कर रहे किसानों की चिंता लेखपालों की हड़ताल ने और बढ़ा दी है। पहली नवंबर से जिले के 71 क्रय केंद्रों पर धान खरीद शुरू हुई है। उन्हीं किसानों के उपज की खरीद की जाती है जिन्होंने इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। संबंधित किसानों के भूलेखों का सत्यापन होना भी अनिवार्य किया गया है। इसे देखते हुए धान खरीद के शुरुआती दौर से ही किसान पंजीयन कराने लगे थे।
अब तक 21,781 किसानों ने पंजीकरण करा लिया है। इनकी तुलना में 9,311 किसानों के भूलेखों का सत्यापन राजस्वकर्मी कर चुके हैं। इस बीच गत दिवस अकबरपुर तहसील के लेखपाल संघ अध्यक्ष पर हुए जानलेवा हमले मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लेखपालों ने हड़ताल शुरू कर दी।
विज्ञापन

मंगलवार को तो सिर्फ अकबरपुर तहसील के लेखपालों ने हड़ताल की थी लेकिन बुधवार को जिले की सभी पांच तहसीलों में लेखपाल कार्य का बहिष्कार करते हुए हड़ताल पर चले गए। नतीजतन भूलेखों के सत्यापन का काम ठप हो गया। ऐसे में 12,470 किसानों के भूलेखों के सत्यापन अधर में है।
खाद्य एवं विपणन विभाग कार्यालय के अनुसार टांडा तहसील में 3,456, आलापुर में 2,314, जलालपुर में 1,961, अकबरपुर में 3,910 व भीटी तहसील में 829 किसानों के कागजात का सत्यापन नहीं हो सका है। ऐसे में यदि लेखपालों की हड़ताल लंबी खिंचेगी तो इससे किसानों के लिए धान बेचने में बड़ी मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं।
लेखपालों की हड़ताल के चलते तहसील से होने वाले कई काम प्रभावित हो रहे हैं। आय, जाति व निवास प्रमाणपत्र जहां नहीं बन रहे तो वहीं आईजीआरएस का काम भी प्रभावित हो रहा है। वरासत व पैमाइश का काम भी रुक गया है। अकबरपुर में जाति प्रमाणपत्र के लिए आई सुषमा ने बताया कि हड़ताल के चलते अब मायूस होकर लौटना पड़ रहा है। टांडा तहसील में वरासत के लिए पहुंचे शफीक ने बताया कि जिम्मेदारों को जल्द उचित कदम उठाना होगा।
विज्ञापन

लेखपालों की हड़ताल जल्द समाप्त कराई जाएगी। हड़ताल से कई तरह की प्रक्रिया में कुछ समस्या जरूर हो रही है। जल्द ही सब कुछ व्यवस्थित हो जाएगा।
-पवन कुमार जायसवाल, एसडीएम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें