श्रवण क्षेत्र (अंबेडकरनगर)। अकबरपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत कनक पट्टी में लगभग 40 लाख रुपये से बने कनक सद्भावना लॉन का उद्घाटन जिला पंचायत राज अधिकारी सर्वेश कुमार पांडेय ने किया।
इससे पहले ग्राम पंचायत में इस तरीके का कोई लॉन नहीं था। अब इसके बनने से लोगों को कम खर्च में मांगलिक कार्यक्रम करने में आसानी होगी। हालांकि अभी ग्राम समिति की ओर से इसका न्यूनतम शुल्क निर्धारित नहीं किया गया है। डीपीआरओ ने बताया कि इसी पंचायत में एक बेहतर पुस्तकालय भी खोला जा रहा है, जिसमें निर्धन बच्चों को पत्र-पत्रिकाएं पढ़ने को मिलेंगी जो उनके लिए लाभप्रद होंगी। ग्राम प्रधान बालमुकुंद वर्मा ने कहा कि ग्राम पंचायत में निरंतर बेहतर कार्य हो रहे हैं। इस अवसर पर एडीओ पंचायत सुनील श्रीवास्तव, सचिव प्रदीप वर्मा, हरिश्चंद्र वर्मा, रामदुलार, रामसहाय, भरतराज, जुम्मन, कुमकुम, मीना आदि मौजूद रहीं।