फरियादियों को राहत पहुंचाने एवं उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने के लिए आयोजित तहसील दिवस को लेकर अधिकारी व कर्मचारी गंभीर नहीं हो पा रहे हैं। तहसील दिवस से अनुपस्थित रहना या फिर कुछ देर रहकर चले जाना आम बात हो गई है।
ऐसे अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई न होने के चलते बीते कुछ तहसील दिवसों से मनमानी बढ़ती ही जा रही है। मंगलवार को टीईटी परीक्षा होने के चलते इस बार बुधवार को आयोजित हुए तहसील दिवस में भी अधिकारियों व कर्मचारियों की बड़ी मनमानी सामने आई।
टांडा एसडीएम नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में कुल नौ अधिकारी व कर्मचारी अनुपस्थित थे। इसमें डीप्टी सीएमओ डा. आरपी चौरसिया, एडीओ नदीम रजा, एमपी पाण्डेय, वीडीओ विजयशंकर राय, अशोक कुमार गौतम, जेई धर्मेंद्र प्रसाद पटेल, डा. एसके चौहान, बेचू सिंह यादव व एसओ हंसवर संतोष सिंह शामिल रहे।
तहसील दिवसों की शिकायतें प्राथमिकता पर निस्तारित हों, और इसकी जानकारी लोगों को समय से मिलती रहे, इसके लिए पूरी व्यवस्था को ऑनलाइन भी किया जा रहा है। इन सब के बावजूद तहसील दिवसों को लेकर अधिकारियों व कर्मचारियों की मनमानी जस की तस बरकरार है।
इस बीच टांडा तहसील दिवस के मामले में एसडीएम श्री सिंह ने अनुपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों से न सिर्फ स्पष्टीकरण मांगा, बल्कि संबंधित अधिकारियों के विभागाध्यक्षों को पत्र लिखकर उन पर आवश्यक कार्रवाई कर अवगत कराने को भी कहा है। एसडीएम ने बताया कि 9 अधिकारियों के अनुपस्थित रहने की जानकारी जिलाधिकारी को भी दे दी गई है।