अंबेडकरनगर। 14वें व 15वें वित्त के तहत चल रहे कामों में लापरवाही बरतने वाले छह ठेकेदारों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। अकबरपुर नगर पालिका परिषद प्रशासन ने ठेकेदारों को नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा है। चेतावनी दी है कि यदि समय रहते काम पूरा न किया गया तो कार्रवाई की जाएगी।
अकबरपुर नगर पालिका परिषद क्षेत्र में 14वें व 15वें वित्त के तहत कई तरह के काम कराए जा रहे हैं। इनमें इंद्रलोक कॉलोनी में अंत्येष्टि स्थल, पवित्र शिवबाबा परिसर में सड़क व मैटेरियल रिकवरी सेंटर का निर्माण कार्य मुख्य है। इन कामों की शुरुआत हुए लगभग एक वर्ष हो चुके हैं।
इसके अलावा शौचालय व खड़ंजा निर्माण भी शामिल है। इनके निर्माण की जिम्मेदारी अलग-अलग ठेकेदारों को दी गई है। लगभग सभी के निर्माण कार्य प्रारंभ तो हुए लेकिन पूरे नहीं हो पाए। अंत्येष्टि स्थल लगभग 40 प्रतिशत बना है तो मैटेरियल रिकवरी सेंटर भी लगभग 35 प्रतिशत ही निर्मित हुआ है। शिवबाबा के निकट बनने वाली सड़क पर बड़ी-बड़ी गिट्टी डालकर छोड़ दी गई है। इससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कत उठानी पड़ रही है।
निर्माण कार्य में तेजी लाए जाने के लिए कई बार जिम्मेदारों को अकबरपुर नगर पालिका परिषद कार्यालय ने पत्र भेजा लेकिन काम में तेजी नहीं आ सकी। इस पर अब सख्त रवैया अपनाते हुए संबंधित ठेकेदारों को नोटिस जारी की गई है।
अकबरपुर नगर पालिका परिषद के अवर अभियंता नागेंद्र सिंह ने बताया कि छह ठेकेदारों को नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही निर्देशित किया गया है कि समय पर काम न पूरा हुआ तो पूरी जिम्मेदारी ठेकेदार पर होगी। बताया कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं रहा तो कार्रवाई की जाएगी।