अंबेडकरनगर के बसखारी में नामांकन की तैयारियों का जायजा लेते डीएम व एसपी।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर जिला पंचायत सदस्य, बीडीसी, ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य के कुल 13 हजार 21 पदों के लिए 17 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। दो दिन तक चलने वाली नामांकन प्रक्रिया को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कलेक्ट्रेट के साथ ही सभी नौ विकास खंड कार्यालयों में शुक्रवार को भी बैरिकेडिंग का कार्य पूर्ण कर लिया गया। कोरोना संक्रमण को देखते हुए कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कराने के लिए नामांकन केंद्रों पर कड़े सुरक्षा के प्रबंध भी किए गए हैं।
29 अप्रैल को होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के विभिन्न पदों के मतदान के लिए 17 व 18 अप्रैल को नामांकन होना है। जिला पंचायत सदस्य पद के लिए जहां कलेक्ट्रेट में नामांकन होगा, वहीं ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन खंड विकास कार्यालयों में नामांकन होगा। जिले में जिला पंचायत सदस्य के लिए 41 पद, ग्राम पंचायत सदस्य के 902, क्षेत्र पंचायत सदस्य के 1020 व ग्राम पंचायत सदस्य के 11 हजार 58 पद हैं। ऐसे में कुल 13 हजार 21 पदों के लिए 17 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ होगी। दो दिनों तक चलने वाले नामांकन को सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गईं।
सभी नौ विकास खंड कार्यालयों व कलेक्ट्रेट में शुक्रवार को बैरिकेडिंग का कार्य पूर्ण कर लिया गया। डीएम सैमुअल पॉल एन व एसपी आलोक प्रियदर्शी ने नामांकन स्थलों पर तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही इसमें लगे कर्मचारियों को जरूरी दिशा निर्देश भी दिए।
एडीएम डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने बताया कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए कड़ी सुरक्षा घेरे में नामांकन की प्रक्रिया को निपटाया जाएगा। नामांकन स्थल पर चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती रहेगी। प्रत्याशी के साथ चार प्रस्तावक ही नामांकन कक्ष तक जा सकेंगे। हालांकि नामांकन कक्ष के अंदर या तो प्रत्याशी या फिर उसका प्रस्तावक ही प्रवेश कर सकेगा। यदि किसी ने कोरोना प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने का प्रयास किया, तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।