जलालपुर। जैतपुर खास गांव के पास 20 जून की सुबह महिला से चेन लूटने वाले बदमाशों का सुराग नहीं मिला है। जांच-पड़ताल में जुटी टीमें फिलहाल खाली हाथ हैं। अब तक पुलिस 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज को खंगाल चुकी है, लेकिन कहीं भी बदमाश नजर नहीं आए।
आजमगढ़ जिले के अहिरौला क्षेत्र के हांसापुर निवासी अभयराज यादव अपनी पत्नी मीना और 10 वर्षीय बेटे दिव्यांश के साथ अंबेडकरनगर के जैतपुर थाने के जैतपुर खास गांव स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। शनिवार की सुबह लगभग नौ बजे, जब वे बंदीपुर-कटका मार्ग से अपनी ससुराल की ओर बढ़ रहे थे, तभी साधन सहकारी समिति जैतपुर के पास एक किलोमीटर पहले उनकी बाइक को ओवरटेक कर दो बाइक सवार बदमाशों ने रोक लिया था।
एक बदमाश ने उनके बेटे दिव्यांश की कनपटी पर असलहा सटाकर अभयराज की पत्नी मीना के गले से चेन छीन ली थी। अभयराज के विरोध करने पर एक बदमाश ने उनके सिर पर पिस्तौल के बट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश हथियार लहराते हुए बंदीपुर की ओर भाग निकले।
मामले में पुलिस अज्ञात के खिलाफ लूट की प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश में जुटी है। पुलिस की पांच टीमें घटना के खुलासे के लिए लगी हुई हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। थानाध्यक्ष प्रेमचंद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।