अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर रिजर्वेशन काउंटर में तत्काल टिकट के लिए लाइन में लगे लोग।-संवाद
अंबेडकरनगर। गर्मियों की छुट्टियों में हिल स्टेशन और धार्मिक स्थलों की यात्रा की योजना बना रहे लोगों की परेशानी काफी बढ़ गई है। लंबी दूरी की ट्रेनों में कंफर्म टिकट न मिलने के कारण यात्रियों को मायूसी का सामना करना पड़ रहा है। जम्मू-कश्मीर, योग नगरी ऋषिकेश, मुंबई और अहमदाबाद जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ के चलते अधिकांश सीटें फुल हो चुकी हैं। हालात इतने खराब हैं कि स्पेशल ट्रेनों में भी लंबी वेटिंग चल रही है, वहीं तत्काल टिकट व्यवस्था भी यात्रियों को राहत नहीं दे पा रही है।
अकबरपुर रेलवे स्टेशन से होकर मुंबई जाने वाली मुंबई एलटीटी सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन में नौ जून तक लंबी वेटिंग चल रही है, जबकि अहमदाबाद जाने वाली साबरमती एक्सप्रेस में चार जून तक वेटिंग है। इसके अलावा दून एक्सप्रेस में 30 जून तक और कोलकाता एक्सप्रेस (13151) में 13 जून तक रिग्रेट (वेटिंग टिकट की बुकिंग भी बंद) की स्थिति बन चुकी है। आलम यह है कि कई ट्रेनों में अब वेटिंग टिकट मिलना भी बंद हो गया है।
शहजादपुर निवासी यात्री आकाश ने बताया कि वह दून एक्सप्रेस का तत्काल टिकट लेने के लिए सुबह नौ बजे से ही लाइन में लगे थे, लेकिन काउंटर खुलने के बाद भी उन्हें टिकट नहीं मिल सका। अब उन्हें अगले दिन फिर से प्रयास करना पड़ेगा। वहीं, अरियौना निवासी रंजना ने बताया कि उन्होंने साबरमती एक्सप्रेस में चार जून का टिकट बुक कराया है, लेकिन वर्तमान में उनका टिकट 83 वेटिंग पर है, जिससे इसके कंफर्म होने की उम्मीद बहुत कम नजर आ रही है।
मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक पलटूराम ने बताया कि गर्मी की छुट्टियों के कारण ट्रेनों में यात्रियों की संख्या काफी बढ़ गई है, जिसकी वजह से अधिकांश ट्रेनों में वेटिंग और रिग्रेट की स्थिति बनी है। उन्होंने बताया कि तत्काल टिकट के लिए हर दिन काउंटर पर 15 से 20 लोग लाइन में लगते हैं, लेकिन सीमित सीटों और भारी मांग के कारण उनमें से मुश्किल से केवल एक या दो लोगों को ही कंफर्म टिकट मिल पाता है।