अंबेडकरनगर। आलापुर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों को जल्द ही जर्जर सड़कों से निजात मिलने वाली है। शासन ने क्षेत्र की 9 प्रमुख सड़कों के विशेष मरम्मत व नवीनीकरण के लिए 2.57 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। लोक निर्माण विभाग ने इन सड़कों के कायाकल्प की तैयारी शुरू कर दी है। इन सड़कों की कुल लंबाई 13.380 किलोमीटर है।
इन सड़कों के नवीनीकरण की पहल विधान परिषद सदस्य डॉ. हरिओम पांडेय ने की थी। उन्होंने क्षेत्र में खराब सड़कों की स्थिति को देखते हुए पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा था। शासन ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए सभी नौ सड़कों के लिए बजट जारी कर दिया है। धनराशि स्वीकृत होने के बाद विभाग ने निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है। निविदा पूरी होते ही कार्य प्रारंभ कर दिए जाएंगे। सभी परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने की योजना है।
व्यापारिक गतिविधियों को मिलेगी गति
मरम्मत योजना में शामिल सड़कें वे हैं जो क्षेत्र के बड़े गांवों, बाजारों और अन्य प्रमुख स्थलों को आपस में जोड़ती हैं। इन मार्गों के सुधरने से न केवल आवागमन सुविधाजनक होगा, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। ग्रामीण, किसान, छात्र और यात्री लंबे समय से सड़कों की समस्या से जूझ रहे हैं।