जिला प्रशासन ने परियोजना निदेशक को लिखा पत्र
अमर उजाला इंपैक्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। नेशनल हाइवे पर गड्ढों की भरमार को लेकर अमर उजाला की खबर का प्रशासन ने संज्ञान लिया है। इसके तहत ही नेशनल हाईवे अथॉरिटी के रायबरेली स्थित परियोजना निदेशक को पत्र भेजकर प्राथमिकता पर हाईवे रूट को दुरुस्त बनाने का निर्देश दिया है। पत्र में कहा गया है कि कि गड्ढों के चलते कोई हादसा हुआ तो इसकी जिम्मेदारी एनएचएआई की होगी।
टांडा से रायबरेली तक जाने वाले एनएच 128 की बदहाली की खबर बीते शुक्रवार को प्रमुखता के साथ प्रकाशित कर बताया गया था कि जिले की सीमा में टांडा से महरुआ तक 35 किमी. लंबा हाईवे रूट गड्ढों में तब्दील हो गया है। मरम्मत कार्य न होने से ब्लैक स्पॉट व हॉट स्पॉट तक गड्ढों से अछूते नहीं बचे हैं। डीएम अविनाश सिंह ने इस खबर का संज्ञान लिया है। डीएम के निर्देश पर ही अपर जिलाधिकारी डॉ. सदानंद गुप्त ने एनएचएआई को पत्र लिखकर मरम्मत कार्य जल्द शुरू करवाने को निर्देशित किया है। एडीएम ने बताया कि पत्र भेजने के साथ ही एनएचएआई अधिकारियों से दूरभाष पर भी इस संबंध में बातचीत की गई है।