वायरल वीडियो में खुद मोबाइल छीनते दिख रहे पुलिसकर्मी
मौके से वापस जाते समय लौटकर की छीना झपटी
अमर उजाला फॉलोअप
संवाद न्यूज एजेंसी
जलालपुर (अंबेडकरनगर)। भूमि विवाद के मामले में पहुंचे डायल 112 के पुलिस कर्मियों से मारपीट व नेमप्लेट नोच लेने के मामले में नया मोड़ आ गया है। दो सिपाहियों ने अपना मोबाइल छीन लेने आदि का आरोप लगाते हुए केस दर्ज करा दिया था। अब एक नया वीडियो सामने आया है जिसमें पुलिसकर्मी ही छीना झपटी की शुरुआत करते देखे जा रहे हैं। इसे लेकर अब पुलिस कर्मियों पर ही कार्रवाई की मांग हुई है।
बृहस्पतिवार को डायल 112 टीम भूमि विवाद की सूचना पर कन्नूपुर गांव पहुंची थी। कुछ देर बाद पुलिस कर्मियों का एक वीडियो वॉयरल हुआ जिसमें वह यह कहते सुने गए कि उनकी मोबाइल ग्रामीणों ने छीन ली। अभद्रता व मारपीट भी की। घंटों तक पूरे प्रकरण से अधिकारियों को अवगत नहीं कराया गया। बाद में अधिकारियों ने सख्ती बरती तो सिपाही की तरफ से दो आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज हो गया।
इसके बाद कुछ लोगों ने अधिकारियों को बताया कि जिन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है उन्होंने कोई हमला या मारपीट नहीं की है। एसपी ने एएसपी को पूरे प्रकरण की जांच सौंप दी। जांच रिपोर्ट आने तक दोनों आरोपियों को जेल भेजने की बजाए शांतिभंग में चालान कर जमानत दे दी गई।
इस बीच अब एक वीडियो सामने आया है। इसमें मौके पर पहुंचे सिपाही ग्रामीणों से शांतिपूर्वक बात कर वापस जाते दिख रहे। इसी बीच एक सिपाही ने देखा कि कोई ग्रामीण वीडियो रिकार्डिंग कर रहा है। इसके बाद दोनों सिपाही ग्रामीण की मोबाइल छीनने दौड़ पड़े। संबंधित ग्रामीण की मोबाइल बाद में पटक देने का भी आरोप लगा है। अब यह नया वीडियो सामने आने के बाद दोनों पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की आवाज उठी है। एसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि ऐसे सभी वीडियो व अन्य साक्ष्यों का संज्ञान लिया जा रहा है।