भीटी ब्लॉक के नरहरपुर गांव में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय।
अंबेडकरनगर। मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय योजना के अंतर्गत जिले को नवंबर तक एक महत्वपूर्ण शैक्षिक उपलब्धि प्राप्त होने वाली है। भीटी ब्लॉक के नरहरपुर गांव में लगभग नौ एकड़ से अधिक भूमि पर 23.59 करोड़ रुपये की लागत से एक विश्वस्तरीय कंपोजिट विद्यालय का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। यह विद्यालय प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक के छात्रों को एक ही परिसर में आधुनिक और समग्र शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से स्थापित किया जा रहा है।
यूपी प्रोजेक्ट्स कारपोरेशन लिमिटेड के अयोध्या परियोजना प्रबंधक मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि नरहरपुर में निर्माणाधीन यह विद्यालय क्षेत्र का एक प्रमुख शिक्षा केंद्र बनने की ओर अग्रसर है। यहां छात्रों को केवल अकादमिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि खेलकूद, कौशल विकास, डिजिटल साक्षरता और उनके समग्र व्यक्तित्व निर्माण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। नरहरपुर गांव में यूपी प्रोजेक्ट्स कारपोरेशन लिमिटेड निर्माण इकाई 11, अयोध्या के तत्वावधान में विद्यालय का निर्माण कार्य प्रगति पर है। विद्यालय का मुख्य भवन जी प्लस टू (तीन मंजिला) होगा, जो आधुनिक वास्तुकला का प्रतीक बनेगा।
1500 छात्र-छात्राओं की क्षमता
यह कंपोजिट विद्यालय लगभग 1500 छात्र-छात्राओं को समायोजित करने की क्षमता रखेगा। इसमें 30 से अधिक विस्तृत कक्षा-कक्ष होंगे, जो आधुनिक शिक्षण सामग्री से सुसज्जित होंगे। विद्यालय में खेल के मैदान और अन्य आवश्यक संरचनाएं भी उपलब्ध होंगी, जिससे छात्रों को एक उत्कृष्ट शैक्षिक वातावरण मिल सके। निर्माण कार्य निर्धारित गति से आगे बढ़ रहा है।