अंबेडकरनगर। यूपीपीसीएस परीक्षा में जिले के तीन और मेधावियों ने सफलता हासिल की है। नम्रता, अमरपाल व विजय प्रकाश का चयन जीआईसी प्रधानाचार्य पद पर हुआ है। सफलता को लेकर इन युवाओं को शुभचिंतकों व नजदीकी लोगों द्वारा बधाई दी जा रही है।
उत्तर प्रदेश लोकसेवा आयोग ने एक दिन पहले पीसीएस 2021 परीक्षा के अंतिम परिणाम घोषित किए। इसमें जिले के कई मेधावियों को बड़ी सफलता हासिल हुई। राजेसुल्तानपुर निवासी नम्रता मद्धेशिया को इस परीक्षा में सफलता मिली है। स्थानीय निवासी रहे दिवंगत घनश्याम गुप्ता की पुत्री नम्रता ने प्रारंभिक शिक्षा नवोदय विद्यालय अयोध्या तथा स्नातक व परास्नातक की शिक्षा आजमगढ़ के शिबली डिग्री कॉलेज से हासिल करने के बाद प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी की।
बरियावन के कटात मजीसा निवासी डॉ. विजय प्रकाश ने भी जीआईसी प्रधानाचार्य बनने की सफलता हासिल की है। वे इन दिनों नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज मैनपुरी में प्रवक्ता पद पर तैनात हैं। उनकी पत्नी वंदना पटेल गोंडा के एक परिषदीय विद्यालय में प्रधानाध्यापक पद पर तैनात हैं। खजावां निवासी अमरपाल वर्मा भी जीआईसी प्रधानाचार्य पद पर चयनित हुए हैं। वे बस्ती जिले के जीआईसी में बतौर शिक्षक तैनात हैं। 2022 की पीसीएस का मेंस भी उन्होंने दे रखा है।