केदारनगर (अंबेडकरनगर)। दरियापुर गांव के पास सड़क किनारे खड़े किशोर व एक महिला को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान किशोर की मौत हो गई जबकि महिला का उपचार चल रहा है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने बाइक सवार एक युवक को पकड़ लिया जबकि बाइक चला रहा युवक मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम शव पोस्टमार्टम के लिए भेज कार्रवाई में जुट गई।
इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव के निकट स्थित ईंट भट्ठे के पास अजय कुमार (13) निवासी बड़ा रकबा नैपुरा, इब्राहिमपुर व जलालपुर गांव निवासी कंचन (32) सड़क के किनारे खड़ी थी। इसी बीच टांडा की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने दोनों को टक्कर मार दी। इससे वे दोनों घायल होकर गिर पड़े। चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। दुर्घटना के बाद भाग रहे बाइक सवार एक युवक को पकड़ लिया हालांकि एक अन्य युवक मौके से बाइक समेत फरार हो गया।
ग्रामीणों की मदद से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के दौरान किशोर की मौत हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों युवक शाहपुर तिराहे के पास से बाइक पर स्टंट करते आ रहे थे। इसके चलते ही यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने ऐसे बाइक चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की। थानाध्यक्ष सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।