अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी के विरुद्ध केस दर्ज होने से
नाराज नगर पालिका परिषद कार्यालय के कर्मचारियों समेत सफाई कर्मियों की
हड़ताल मंगलवार को भी जारी रही। हड़ताल के दूसरे दिन ही नगर में सफाई का
संकट गहरा गया है। कई जगहों पर कूड़े के ढेर लगने शुरू हो गए हैं।
टांडा
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष हाजी इफ्तेखार अहमद अंसारी व अधिशासी अधिकारी
आरडी बाजपेयी के विरुद्ध दलित उत्पीड़न समेत कई अन्य धाराओं में गत दिवस
केस दर्ज हुआ है। मामला एक शौचालय को ढहाने व खुद गिर जाने के विरोधाभाषी
प्रकरण से जुड़ा है। पालिका की तरफ से केस दर्ज कराने के कई दिन बाद
लालचन्द्र ने नगर परिषद अध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी पर भी केस दर्ज करा
दिया।
इसी को लेकर नगर पालिका में कार्यरत कार्यालय के कर्मचारी तथा
सफाईकर्मी भड़के हुए हैं। सभी कर्मचारियों ने सोमवार से ही अनिश्चितकालीन
हड़ताल शुुरू कर रखी है। पेयजल व्यवस्था को इस हड़ताल से मुक्त रखा गया है,
लेकिन अन्य सभी काम ठप हैं। हड़ताल आगे जारी रही तो विभिन्न मोहल्लों में
साफ-सफाई का संकट गहरा सकता है।
कर्मचारियों ने मंगलवार को भी कार्य से
विरत रहते हुए कहा कि फर्जी मुकदमे को समाप्त किए जाने और नगर परिषद द्वारा
कराए गए मुकदमे में आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई होने तक यह हड़ताल जारी
रहेगी।
सफाई कर्मचारी
संघ के महामंत्री सुरेश कुमार श्रीवास्तव ने टांडा कोतवाली में तहरीर देकर
आरोप लगाया कि मंगलवार को वे सब हड़ताल पर बैठे थे तभी एक सभासद ने वहां
पहुंचकर हड़ताल समाप्त करने के लिए धमकाया।
इस सभासद पर पूर्व में भी
कर्मचारियों के साथ मारपीट और सरकारी कार्य में व्यवधान डालने का केस दर्ज
है। प्रभारी कोतवाल ओपी यादव ने बताया कि तहरीर मिली है, छानबीन की जा रही
है।