अंबेडकरनगर। करीब 34 लाख रुपये की लागत से पवित्र शिवबाबा के पास मैटेरियल रिफाइन फैकल्टी का निर्माण होगा। अकबरपुर नगर पालिका परिषद द्वारा बनवाए जाने वाले इस सेंटर पर कूड़ा-करकट से उपयोगी सामग्री अलग की जाएगी। बाद में इसे बेच दिया जाएगा। साथ ही अनुपयोगी कूड़ा नष्ट भी किया जाएगा। सेंटर का निर्माण होने से अकबरपुर नगर के विभिन्न मार्गों पर सड़क किनारे इकट्ठा होने वाले कूड़ा-करकट से निजात मिल जाएगी। इससे 45 हजार की आबादी को राहत मिलेगी।
अकबरपुर नगर पालिका द्वारा नगर के विभिन्न क्षेत्रों से कूड़ा एकत्र कर अकबरपुर बनगांव मार्ग, अकबरपुर पहितीपुर मार्ग, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज मार्ग, इल्तिफातगंज मार्ग समेत आधा दर्जन मार्गों पर सड़क के किनारे डाल दिया जाता है। इससे उठने वाली दुर्गंध से इन इलाके के लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। इससे निजात दिलाने की मांग समय-समय पर उठाई जाती रही है। बीते दिनों इस संबंध में डीएम को भी शिकायती पत्र सौंपा गया था। लोगों की समस्याओं को देखते हुए अकबरपुर नगर पालिका परिषद ने निष्प्रयोज्य कचरे को नष्ट करने व कूड़ा करकट से उपयोगी सामग्री निकाल कर बिक्री करने के उद्देश्य से मैटेरियल रिफाइन फैकल्टी का निर्माण कराने को हरी झंडी दी है।
नगर पालिका परिषद के अवर अभियंता घनश्याम मौर्या ने बताया कि पवित्र शिवबाबा के पास सीहमई कारीरात मार्ग पर 33.62 लाख रुपये की लागत से मैटेरियल रिफाइन फैकल्टी का निर्माण कराया जाएगा। इसमें बड़े-बड़े कक्ष का निर्माण होगा। नगर के विभिन्न क्षेत्रों से कूड़ा करकट लाकर इन हॉल में डाला जाएगा। इसके बाद अलग-अलग मशीनों द्वारा गीले व सूखे कूड़े को अलग किया जाएगा।
विशेष मशीन की मदद से उपयोगी कूड़ा-करकट जैसे शीशा, गत्ता, प्लास्टिक को अलग किया जाएगा, जिसकी बाद में बिक्री कर दी जाएगी। इसके साथ ही परिसर में ही कूड़ा करकट से खाद का भी निर्माण होगा। जो कूड़ा पूरी तरह निष्प्रयोज्य होगा, उसे बाद में नष्ट कर दिया जाएगा या फिर गड्ढा खोदकर गाड़ दिया जाएगा। अधिशाषी अधिकारी सुरेश कुमार मौर्य ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। निर्माण के लिए जरूरी राशि भी शासन से मिल गई है।
पवित्र शिवबाबा के पास करीब 34 लाख रुपये की लागत से मैटेरियल रिफाइन फकल्टी का निर्माण होगा। शासन से राशि भी प्राप्त हो गई है। संबंधित भूमि पर सफाई का कार्य पूरा हो चुका है। जल्द ही निर्माण प्रारंभ कर दिया जाएगा। अकबरपुर नगर पालिका परिषद क्षेत्र को साफ-सुथरा रखने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
- सरिता गुप्ता, चेयरमैन, अकबरपुर नगर पालिका परिषद