जलालपुर (अंबेडकरनगर)। नरेंद्र देव इंटर कॉलेज में रविवार को पंडित राम सेवक त्रिपाठी स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच भस्मा की टीम ने 22 रनों से जीत लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष साधू वर्मा ने किया।
क्रिकेट का उद्घाटन मैच भस्मा व जलालपुर की टीम के बीच खेला गया। टॉस जीत कर जलालपुर की टीम ने भस्मा को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। भस्मा के खिलाड़ियों ने निर्धारित आठ ओवर में 77 रन का स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जलालपुर की टीम 55 रन पर ही ऑलआउट हो गई। इससे टीम को 22 रनों के भारी अंतर से हार का सामना करना पड़ा।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने खिलाड़ियों के साथ ही आयोजक मंडल का उत्साहवर्धन किया। कहा कि ऐसे आयोजनों से ही ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं निखरेंगी।
आयोजन को सफल बनाने में चंद्रिका प्रसाद, पंकज वर्मा, अनुज सोनकर, विशाल त्रिपाठी, आनंद मिश्र, आशीष सोनी, विपिन पांडेय, देवेश मिश्र व अभिषेक शुक्ल व सौरभ मिश्र सहयोग कर रहें हैं।