अंबेडकरनगर। लंबे समय बाद एक बार फिर से शनिवार को अकबरपुर नगर में अतिक्रमण पर बुलडोजर गरजा। जाम से छुटकारा दिलाने के लिए रेलवे क्राॅसिंग से लेकर ब्लाॅक तक जेसीबी व अन्य मशीनों के जरिए अतिक्रमण हटाए गए।
कई माह बाद शनिवार को जिला मुख्यालय पर अतिक्रमण विरोधी अभियान की फिर से शुरुआत हुई। बीते दिनों शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन ने सभी शहरी क्षेत्रों में अतिक्रमण विरोधी अभियान शुरू कराया था।
इसमें अकबरपुर नगर समेत कई क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर स्थायी व अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए थे। अभियान ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। काफी दिनों तक अतिक्रमण हटने का लाभ भी स्थानीय नागरिकों व यात्रियों को मिला था।
हालांकि समय बीतने के साथ ही एक बार फिर से अतिक्रमण ने पांव पसार लिया है। ज्यादातर अतिक्रमण जस के तस हो गए हैं।
इसे देखते हुए इस बार एसपी अजीत कुमार सिन्हा ने प्रभावी पहल की। उन्होंने शुक्रवार को अधीनस्थों को निर्देशित किया कि शनिवार से अकबरपुर नगर में अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया जाएगा।
इसके बाद यातायात प्रभारी शिवदीपक सिंह ने नगर पालिका अकबरपुर की टीम को साथ लिया और जेसीबी व अन्य मशीनों के साथ ओवरब्रिज के नीचे रेलवे क्राॅसिंग के निकट से अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू कर दिया।
अचानक शुरू हुए अभियान से व्यापारियों व अन्य लोगों में हड़कंप मच गया। टीम ने स्थायी व अस्थायी, दोनों तरह के लगभग 50 प्रतिष्ठानों व घरों के अतिक्रमण हटाए।
अतिक्रमण हटाने के दौरान कोई अप्रिय स्थिति न हो इसलिए अकबरपुर कोतवाली पुलिस के अलावा पीएसी की टीम भी मौजूद रही। बड़ी तादाद में पुलिसकर्मियों के रहने से पहले दिन का अभियान शांतिपूर्ण ढंग से चला।
पुलिस की टीम जब पटरियों से अतिक्रमण हटवा रही थी तो मशीनों आदि को देख कई लोग स्वयं ही अपने-अपने अतिक्रमण हटाने लगे। तमाम अस्थायी दुकानदारों ने दुकानें समेट लीं। दुकान के बाहर तक लगे टिनशेड आदि उतारे जाने लगे।
टीम ने अतिक्रमण हटाने के साथ ही कहा कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया तो अब वैधानिक कार्रवाई भी होगी। यातायात प्रभारी शिवदीपक सिंह ने बताया कि रविवार के अवकाश के बाद सोमवार से एक बार फिर अतिक्रमण विरोधी अभियान चलेगा।
एसपी अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि बीते दिनों भ्रमण के दौरान कई जगहों पर पटरियों पर अतिक्रमण देखने को मिला था। इसके बाद ही अकबरपुर में अतिक्रमण हटवाने का दौर शुरू हुआ है।
बताया कि इसी तरह के निर्देश बसखारी, इब्राहिमपुर तथा जलालपुर थाना प्रभारियों को भी दिए गए हैं। जल्द ही इन क्षेत्रों में भी सघन ढंग से अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य सिर्फ यह है कि पटरियों पर किसी प्रकार का अतिक्रमण न रहने पाए जिससे न सिर्फ पार्किंग की बेहतर सुविधा लोगों को मिल सके वरन जाम से भी छुटकारा दिलाया जा सके।