फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar Nagar News: मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड उपाध्यक्ष का निधन

Fri, 10 Mar 2023 12:29 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अम्बेडकरनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। विश्व प्रसिद्ध दरगाह हजरत मखदूम अशरफ जहांगीर सिमनानी रसूलपुर अशरफ किछौछा के सज्जादानशीन व मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के उपाध्यक्ष सै. फखरुद्दीन अशरफ का गुरुवार शाम निधन हो गया। 28 दिन के इलाज के बाद उन्होंने गुरुवार को पीजीआई लखनऊ में अंतिम सांस ली। वे 72 वर्ष के थे। उनके निधन से जिले में शोक की लहर दौड़ गई। लोगों का पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए बसखारी स्थित आवास पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया जो देर शाम तक चलता रहा। महान सूफी संत हजरत मखदूम अशरफ जहांगीर सिमनानी की दरगाह किछौछा की सज्जादानशीनी बसखारी निवासी सै. फखरुद्दीन अशरफ को लगभग तीन दशक पहले मिली थी। दरअसल तब उनके भाई व तत्कालीन सज्जादानशीन सै. जफरुद्दीन अशरफ का निधन हो गया था। इसके बाद उन्हें सज्जादानशीन की जिम्मेदारी मिली।
विज्ञापन

वर्ष 2005 में स्व. सै. जफरुद्दीन अशरफ के पुत्र सै. मोहिउद्दीन अशरफ को सज्जादानशीन बनाया गया। हालांकि सालाना उर्स में सै. फखरुद्दीन अशरफ आस्ताने आलिया पर पहुंचकर 28 मोहर्रम पर सज्जादानशीन के रूप में ही पवित्र खिरका पोशी करते रहे। लगभग आठ वर्ष पूर्व सै. फखरुद्दीन अशरफ को मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड का उपाध्यक्ष भी बनाया गया।
सै. फखरुद्दीन के रिश्तेदार सै. मेराजुद्दीन किछौछवी ने बताया कि लगभग 28 दिन पहले तबियत खराब होने पर उन्हें पहले वेदांता फिर पीजीआई लखनऊ में भर्ती कराया गया था। गुरुवार शाम लगभग साढ़े पांच बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। बताया कि उनके एक बेटा सै. मोहामिद अशरफ जबकि दो बेटिया हैं। इनमें एक बेटी का विवाह मौजूदा सज्जादानशीन सै. मोहिउद्दीन अशरफ से हुआ है। बसखारी के मूल निवासी सै. फखरुद्दीन अशरफ के मानने वाले न सिर्फ भारत बल्कि विदेशों में भी बड़ी संख्या में हैं।
विज्ञापन

निधन से शोक की लहर
सज्जादानशीन के निधन की जानकारी मिलते ही जिले में शोक की लहर दौड़ गई। पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए धर्म गुरुओं, गणमान्य लोगों के बसखारी स्थित पैतृक आवास पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। सै. नईम अशरफ, सै. मेराजुद्दीन एडवोकेट, सै. अजीज, सै. गौस अशरफ आदि ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और सांत्वना दी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें