अधिवक्ता प्रभात मिश्रा की कार का टूटा सीसा।
भीटी/महरुआ। महरुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत तरसावां प्राथमिक विद्यालय के पास शनिवार दोपहर पुरानी रंजिश को लेकर अधिवक्ता प्रभात मिश्रा पर जानलेवा हमला किया गया। हमलावरों ने न केवल अधिवक्ता की कार रोककर तोड़फोड़ की, बल्कि उन्हें जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की। पुलिस ने इस मामले में 8 नामजद और 5-6 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तीन को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना शनिवार दोपहर करीब 3:45 बजे की है। खड़हरा निवासी पंकज पांडेय के अनुसार, उनके मित्र और समंथा गांव के अधिवक्ता प्रभात मिश्रा अपनी कार से खजुरी बाजार से महरुआ की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह तरसावां पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने अपनी स्कार्पियो उनकी कार के आगे अड़ा दी। इससे पहले कि अधिवक्ता कुछ समझ पाते, हमलावरों ने हॉकी और लोहे की रॉड से कार पर हमला बोल दिया, जिससे गाड़ी के शीशे चकनाचूर हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने प्रभात मिश्रा को कार से बाहर खींचकर बेरहमी से पीटा और उन पर फायरिंग भी की। निशाना चूकने के कारण उनकी जान तो बच गई, लेकिन सिर में गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही अचेत हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी घायल अधिवक्ता को अचेत अवस्था में अगवा करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन शोर सुनकर स्थानीय ग्रामीणों को इकट्ठा होते देख हमलावर मौके से फरार हो गए। सीओ लक्ष्मीकांत मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर अभिषेक त्रिपाठी, आदित्य त्रिपाठी, शुभम त्रिपाठी, इंद्रजीत तिवारी, चंद्रजीत तिवारी, जिलाजीत तिवारी, अमरजीत तिवारी, प्रांजल तिवारी सहित कई अज्ञात पर जानलेवा हमला समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। महरुआ के बहरी निवासी जिलाजीत, चंद्रजीत व सुल्तानपुर के माधवपुर निवासी विशाल तिवारी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है।