अंबेडकरनगर। प्रेमिका ने अपने प्रेमी व उसके मित्र के साथ मिलकर आलापुर थाना अन्तर्गत लखनपट्टी गांव निवासी रंगेश की हत्या की थी। पुलिस ने घटना का पर्दाफाश करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उनकी निशानदेही पर आला कत्ल व खून से सने कपड़े पुलिस ने बरामद कर लिया।
गौरतलब है कि गत 25 फरवरी को आलापुर थाना अन्तर्गत लखनपट्टी गांव निवासी रंगेश पुत्र अभिमन्यू की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी थी। इस बीच गुरुवार को घटना का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने एक युवती समेत तीन को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अभियुक्तों ने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया। साथ ही उनकी निशानदेही पर न सिर्फ आलाकत्ल, बल्कि खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए। बाद में पुलिस ने पकड़े गए अभियुक्तों को जेल भेज दिया।
गुरुवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस कांफ्रेस में पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि प्रेमप्रसंग के चलते हत्या को अंजाम दिया गया। बताया कि दो वर्ष से जहांगीरगंज थाना अन्तर्गत बारीडीह सिकंदरपुर निवासी रवि यादव व आलापुर थाना अन्तर्गत बाहरपुर निवासी नीरज से प्रेमप्रसंग चल रहा था। लगभग चार माह पूर्व नीरज की मुलाकात लखनपट्टी निवासी रंगेश से हो गई।
रंगेश ने उसे एक मोबाइल भी दिया। दोनों के बीच मेलमिलाप बढ़ गया। जानकारी रवि को हुई, तो उसने नीरज को उससे मिलने से मना कर दिया। नीरज ने मिलना भी बंद किया, लेकिन रवि उस पर मिलने का दबाव बनाने लगा। बताया कि घटना के एक दिन पहले रंगेश ने नीरज की पिटाई कर दी थी, जिससे उसकी गर्दन में चोटें आईं। नीरजा को लगी चोट देखकर रवि आगबबुला हो गया और उसने रंगेश की हत्या करने का मन बना लिया।
एसपी ने बताया कि 25 की रात में नीरज ने रंगेश को गांव के बाहर बुलाया। वहां पर पहले से ही रवि व हंसवर थाना अन्तर्गत मदारभारी निवासी अनुराग मौजूद थे। जैसे ही रंगेश वहां पहुंचा, उसकी पतले तार से उसकी गर्दन जकड़ दिया। इसके बाद कुल्हाड़ी का वार कर उसकी हत्या कर दी। बताया कि अभियुक्तों की निशानदेही पर आलाकत्ल व खून से सने कपड़े भी बरामद हो गए। अभियुक्तों की गिरफ्तारी में थानाध्यक्ष नारदमुनि, कृष्णकांत, विनोद, जितेंद्र, सुनील, राजेंद्र, राकेश का मुख्य योगदान रहा।