अंबेडकरनगर। नगर पालिका परिषद की ओर से सदरपुर व सिझौली में बहुद्देश्यीय सभागार का निर्माण होगा। इस स्थान का प्रयोग विवाह, बैठक, मेला या किसी अन्य आयोजन के लिए किया जा सकेगा। इससे लोगों को सार्वजनिक आयोजनों में आसानी होगी।
नगर पालिका परिषद अकबरपुर की ओर से सदरपुर में 3.41 करोड़ रुपये और सिझौली में 3.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण कराया जाएगा। इस तरह कुल 6.78 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन बहुद्देश्यीय सभागार के निर्माण से शादी आदि के खर्च काफी कम हो जाएंगे। इससे न केवल लोगों को आर्थिक रूप से राहत मिलेगी, बल्कि उन्हें अपने विशेष अवसरों को मनाने के लिए एक स्थायी व अच्छा स्थान भी मिलेगा।
सभागार, रसोईघर व ठहरने की होगी सुविधा
बहुद्देश्यीय सभागार का निर्माण करीब एक एकड़ भूमि पर होगा। यहां लॉन, रसोईघर, तीन ठहरने आदि के लिए कमरे, शौचालय व बड़े हॉल का निर्माण होना है, जिसका उपयोग अलग-अलग अवसर के अनुसार किया जा सकेगा। इसके लिए नगर पालिका की ओर से निश्चित शुल्क निर्धारित होगा, जिसे वहन कर लोग इसकी बुकिंग कर सकेंगे।
विकास की दिशा में कदम
नगर पालिका परिषद अकबरपुर की अधिशासी अधिकारी बीना सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री वैश्विक नगर उदय योजना में यह कार्य प्रस्तावित किया गया है, शासन में प्रस्ताव बनाकर भेज दिया गया है। इससे क्षेत्र के विकास में योगदान होगा व स्थानीय लोगों को सुविधा मिलेगी।