अंबेडकरनगर। जिले के 119 केंद्रों पर 84,089 विद्यार्थी गुरुवार से यूपी बोर्ड की परीक्षा देंगे। इनमें से हाईस्कूल के 41,838 विद्यार्थी पहली बार ओएमआर शीट का भी प्रयोग करेंगे। दो पालियों में होने वाली परीक्षा को बेहतर ढंग से निपटाने के लिए पांच जोनल व 24 सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।
वॉयस रिकार्डिंग युक्त सीसीटीवी कैमरे के बीच शुरू हो रही यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा को सकुशल निपटाने के लिए बुधवार को ही सभी जरूरी तैयारियां डीआईओएस कार्यालय ने पूरी कर लीं।
परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए बुधवार को लगभग सभी 119 परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थापक की अध्यक्षता में कक्ष निरीक्षकों की बैठक हुई। इसमें उन्हें परीक्षा से संबंधित जानकारियां दी गईं। डीआईओएस अवधकिशोर सिंह ने एक दर्जन से अधिक परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण भी किया।
गौरतलब है कि हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में कुल 84,089 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। इनमें हाईस्कूल के 41,838 तथा इंटरमीडिएट के 42,251 विद्यार्थी शामिल हैं। हाईस्कूल के परीक्षार्थी पहली बार ओएमआर शीट का भी प्रयोग करेंगे। असल में प्रत्येक विषय के प्रश्नपत्र में एक-एक नंबर के 20 सवाल होंगे जिनके जवाब ओएमआर शीट पर देले होंगे।
परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए कुल 16 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। इनके अलावा पांच जोनल, 24 सेक्टर व 119 स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती भी की गई है। छह उड़नदस्ते भी लगातार परीक्षा केंद्रों का जायजा लेंगे। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर दो-दो केंद्र व्यवस्थापक तैनात किए गए हैं। इनमें से एक आंतरिक जबकि एक वाह्य केंद्र व्यवस्थापक के तौर पर ड्यूटी करेंगे।
डीआईओएस कार्यालय के अनुसार गुरुवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल की हिंदी व प्रारंभिक हिंदी तथा इंटरमीडिएट के सैन्य विज्ञान विषय की परीक्षा होगी। प्रथम पाली सुबह आठ से सुबह सवा 11 बजे तक होगी। दोपहर दो से शाम सवा पांच बजे तक होने वाली दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की हिंदी व सामान्य हिंदी विषय की परीक्षा होगी।
परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहेंगे। परीक्षा केंद्र के मुख्य गेट पर ही पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। सघन जांच के बाद ही परीक्षार्थी को केंद्र में प्रवेश करने दिया जाएगा। परीक्षा कक्ष के बाहर ही परीक्षार्थियों को जूता-मोजा उतार देना होगा। मोबाइल व डिजिटल घड़ी परीक्षा कक्ष के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
परीक्षा को देखते हुए डीआईओएस कार्यालय परिसर में स्थापित कंट्रोल रूम को अलर्ट मोड में कर दिया गया है। परीक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या फिर शिकायत 7398729036 नंबर पर दर्ज कराई जा सकती है।
यूपी बोर्ड परीक्षा को बेहतर ढंग से निपटाने को लेकर सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी केंद्रों पर पेयजल, प्रकाश, शौचालय की व्यवस्था दुरुस्त कर दी गई है। विद्यार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से आधा घंटा पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा।
-अवधकिशोर सिंह, डीआईओएस