अंबेडकरनगर। देर शाम तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से कई क्षेत्रों में छिन्न भिन्न हुई बिजली आपूर्ति पूरी रात बहाल नहीं हो सकी। इससे करीब दो लाख से अधिक की आबादी को काफी दिक्कतें हुईं। लोग पूरी रात बिजली के बहाल होने का इंतजार करते रहे। कई क्षेत्रों में बिजली सुबह तो बहाल हो गई लेकिन कुछ क्षेत्रों में दोपहर बाद हो सकी।
अशरफपुर बरवां, बैरमपुर बरवां, महरुआ, आलापुर, कटेहरी व भीटी आदि उपकेंद्रों से जुड़े उपभोक्ताओं को सोमवार पूरी रात बगैर बिजली के ही गुजारना पड़ा। बारिश व हवाओं का दौर सोमवार शाम तो तो कुछ देर बाद थम गया था लेकिन बिजली आपूर्ति पटरी पर नहीं लौट पाई। इससे उपभोक्ता रात भर बिजली बहाल होने के इंतजार में करवट बदलते रहे। उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र कर्मचारियों से संपर्क साधने का प्रयास किया लेकिन ज्यादातर उपकेंद्र के कर्मचारियों के फोन उठे नहीं या तो लगे ही नहीं।
लोदीपुर निवासी ईश्वरचंद्र, रामशरन व मनोज कुमार के मुताबिक बारिश थमने के कुछ देर बाद आपूर्ति बहाल हुई थी। लेकिन यह ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। करीब 9 बजे आपूर्ति ठप हो गई इसके बाद सुबह करीब साढ़े 7 बजे बहाल हुई। बट्टूगढ़ के दीपक यादव व रामसुरेश ने भी रात भर बिजली न आने की शिकायत की।