अंबेडकरनगर। लंबे समय बाद यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम में प्रदेश की मेरिट सूची में अंबेडकरनगर जनपद का दबदबा देखने को मिला। कुल 14 छात्र-छात्राओं ने हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की मेरिट सूची में स्थान बनाने की बड़ी सफलता पाई है। इससे छात्र-छात्राओं व उनके परिजनों के साथ ही जिले का भी सम्मान बढ़ा है।
गत वर्ष जब परिणाम की घोषणा हुई थी तब प्रदेश की टॉपर्स सूची में यहां के मात्र दो छात्र-छात्राएं शामिल हो पाए थे। दोनों टॉपर इंटरमीडिएट के थे। इस बार प्रदेश की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की टॉप टेन सूची में कुल 14 छात्र-छात्राओं ने स्थान बनाया है। इसमें हाईस्कूल के आठ व इंटरमीडिएट के छह छात्र-छात्राएं शामिल हैं। हाईस्कूल की सक्षम तिवारी को सूची में चौथा, श्रेया मिश्रा को पांचवां, रिया पटेल को सातवां, सुमित यादव व श्रेया वर्मा को आठवां, आदर्श मौर्या व शुभ गुप्ता को नौवां, उत्कर्ष दुबे को 10वां स्थान प्राप्त हुआ।
इसी प्रकार इंटरमीडिएट में अंशिका वर्मा को सूची में पांचवां, शैलीनंदा, अंकिता पटेल व हरिओम पांडेय को आठवां, शशिकांत व अश्विनी यादव को 10वां स्थान प्राप्त हुआ। बड़ी संख्या में जिले के मेधावियों द्वारा टॉपर्स सूची में स्थान बनाए जाने से जिले का दबदबा बढ़ा है।
प्रदेश में खराब रहा प्रदर्शन
प्रदेश की टॉप टेन सूची में भले ही जिले के मेधावियों का दबदबा रहा लेकिन जिले का संपूर्ण प्रदर्शन निराशाजनक रहा। वर्ष 2022 में हाईस्कूल परीक्षा परिणाम में अंबेडकरनगर जनपद को प्रदेश में 46वां जबकि इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में छठवां स्थान मिला था। अब मंगलवार को आए इस वर्ष के परीक्षा परिणाम में जनपद बेहतर प्रदर्शन नहीं कर सका। हाईस्कूल में जिले को 60वां जबकि इंटरमीडिएट में 30वां स्थान मिला है। उम्मीद थी कि गत वर्ष के परिणाम से बेहतर नतीजा आएगा लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।