बलरामपुर में स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान।
बलरामपुर। नवोदय विद्यालय और जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में आधुनिक सुविधाओं से युक्त पुस्तकालय की स्थापना के लिए 30.45 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन लाइब्रेरीज़ में छात्रों को न केवल पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी, बल्कि वातानुकूलित अध्ययन कक्ष और नि:शुल्क वाई-फाई जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी।
निर्माण कार्य की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को सौंपी गई है। विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि नवोदय विद्यालय के लिए 12.95 लाख रुपये और डायट के लिए 16.50 लाख रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। इन सुविधाओं से विशेष रूप से उन विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। अब छात्रों को महंगी फीस वाले निजी पुस्तकालयों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। एमएलके पीजी कॉलेज के छात्र संतोष गुप्ता ने कहा कि सरकारी पुस्तकालय खुलने से हमें तैयारी के लिए अच्छा माहौल मिलेगा। इंटर के छात्र शुभम और राहुल ने कहा कि निजी लाइब्रेरी में प्रति घंटे शुल्क देना पड़ता है, लेकिन यहां गरीब छात्र भी निःशुल्क पढ़ाई कर सकेंगे।
युवाओं को परीक्षा की तैयारी में मदद मिलेगी
नवोदय और डायट में पुस्तकालय बन जाने से युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलेगी। वाई-फाई के माध्यम से अध्ययन और अनुसंधान में आसानी होगी।
मृदुला आनंद, जिला विद्यालय निरीक्षक