अंबेडकरनगर। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन ने गुरुवार को मॉक ड्रिल किया। ग्रामीणों को बाढ़ से निपटने व सावधानी बरतने का प्रशिक्षण दिया गया। बाढ़ के दौरान होने वाली मुश्किलों को कम समय में दूर करने के लिए प्रशासन ने आवश्यक रिहर्सल भी किया। ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि बाढ़ के दौरान उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।
टांडा प्रतिनिधि के अनुसार नदी का पानी पूरे उफान पर है। खतरे के निशान को छू लेने को आतुर है। हर साल बाढ़ से होने वाले जानमाल के नुकसान को देखते हुए जिला प्रशासन प्रदेश सरकार के निर्देश पर बाढ़ से निपटने के साथ साथ प्रभावित क्षेत्रों में कम जन धन की हानि हो इसकी तैयारी में जुट गई। टांडा तहसील में घाघरा नदी से आधा दर्जन गांव प्रभावित होते हैं। जिला प्रशासन की तरफ से बाढ़ से निपटने के लिए गुरुवार को मॉक ड्रिल का आयोजन टांडा के महादेवा घाट पर सरयू नदी के तट पर किया गया।
इसमें अपर जिलाधिकारी अमरनाथ राय, एसडीएम एमपी सिंह, सीओ राम प्रवेश राय, तहसीलदार संतोष कुमार ओझा, विधायक प्रतिनिधि श्यामबाबू गुप्त, कोतवाल ब्रजेश सिंह व सहायक अभियंता बाढ़ खण्ड के साथ साथ राजस्व विभाग और नाविकों व गोताखोरों की पूरी टीम शामिल रही। बाढ़ से बचाव में उपयोग के लिए लाइफ सेविंग जैकेट, लाइफ ब्वॉय, मोटर बोट व नाव आदि के संचालन की जानकारी दी गई। मॉक ड्रिल का प्रदर्शन करते हुए डूबते व्यक्ति को मोटरबोट से बचाकर उसे नदी से बाहर लेकर प्राथमिक उपचार का प्रदर्शन ग्रामीणों के सामने किया गया। एसडीएम ने बताया कि बाढ़ प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में कुल आबादी में 2942 सदस्य हैं। इनकी गणना कर ली गई है।
आलापुर प्रतिनिधि के अनुसार गुरुवार को एसडीएम भरतलाल सरोज व सीओ अमरबहादुर ने बाढ़ संभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि बाढ़ के दौरान उन्हे किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। बाढ़ के दौरान विशेष सावधानी बरतने का सुझाव दिया। पानी यदि अधिक है तो उसे पार करने की कोशिश न करें, बल्कि दूसरे रास्ते से आवागमन करें। विद्युत तार यदि पानी में कहीं गिरा है तो उसे क्षेत्र से तत्काल हट जाना चाहिए, और इसकी सूचना विद्युत विभाग या फिर उच्चाधिकारी को देना चाहिए। घरों के आस पास विशेष साफ सफाई रखें। जलभराव होने पर सांप, बिच्छू व अन्य जहरीले जंतु घर में घुस जाते हैं। सीओ अमरबहादुर ने भी ग्रामीणों को कई सुझाव दिए।