केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही अति महत्वाकांक्षी मनरेगा योजना में बरती जा रही विभिन्न प्रकार की मनमानी को लेकर उत्तर प्रदेश मनरेगा समिति ने कलेक्ट्रेट के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। कहा कि शासनादेश के मुताबिक न तो उन्हें समुचित कार्य दिया जा रहा है और न ही समय पर भुगतान किया जा रहा है।
काम न मिलने की दशा में मिलने वाला बेरोजगारी भत्ता भी समय पर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष राम अदालत वर्मा ने कहा कि मनरेगा योजना के तहत जॉब कार्डधारकों को 100 दिन का रोजगार दिए जाने और समय पर मजदूरी भुगतान किए जाने का निर्देश तो है, लेकिन उसका कहीं पालन होता नजर नहीं आ रहा है।
संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि मनरेगा मजदूरों से मास्टर रोल पर अधिक कार्य का हस्ताक्षर कराकर धनराशि निकाल लेते हैं, लेकिन मजदूरों को समय पर भुगतान नहीं करते। प्रदेश अध्यक्ष सुरेशचंद्र वर्मा ने कहा कि काम न मिलने की दशा में मिलने वाले बेरोजगारी भत्ते को लेकर संबंधित अधिकारी गंभीर नहीं है।
जिलाध्यक्ष विमलेश पटेल ने कहा कि मजदूरों को 100 दिन का रोजगार देने में भी ग्राम प्रधान से लेकर संबंधित अधिकारियों द्वारा मनमानी बरती जा रही है। वक्ताओं ने सदस्यों से संगठन को और मजबूत किए जाने का आह्वान किया। इस दौरान संजय कुमार, रामकृष्ण, बृजलाल, हरीराम, नंदलाल, कृष्णावती, उर्मिला, रंजना देवी, ज्ञानमती आदि मौजूद रहे।