विद्युतनगर। एनटीपीसी टांडा के सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के क्रम में हकीमपुर गांव में बनाए गए पौने दो किलोमीटर सीसी रोड का लोकार्पण शुक्रवार को मुख्य अतिथि विधायक टांडा संजू देवी ने किया। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी के सहयोग से आसपास की जनता को काफी लाभ मिलता रहता है। एनटीपीसी के सकारात्मक प्रयासों से ही आसपास के गांवों में न सिर्फ तेजी से कई विकास के कार्य हो रहे हैं, बल्कि पात्रों को तमाम योजनाओं का लाभ भी दिया जाता है।
इससे पहले मुख्य महाप्रबंधक के श्रीनिवास राव ने विधायक संजू देवी का स्वागत किया। बताया कि हकीमपुर गांव में 1.8 किलोमीटर सीसी रोड बन चुका है। इसके अलावा 800 मीटर सड़क निर्माणाधीन है। ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाओं के रूप में शौचालय व हर घर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए ओवरहेड टैंक का निर्माण जारी है। ग्राम पंचायत भवन को निर्माण कराए जाने के साथ ही विद्यालय में बाउंड्रीवाल व शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। प्रकाश व्यवस्था को बेहतर करने के लिए पर्याप्त सोलर लाइट व बेहतर पेयजल के लिए इंडिया मार्का हैंडपंप की स्थापना की गई है।
ग्राम पंचायत में स्थित होम्यिोपैथिक अस्पताल की सुविधा जल्द चालू करायी जाएगी। इसके अलावा ग्राम पंचायत के बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके इसके लिए प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय के सभी बच्चों को जरूरी सुविधाएं दी जाएंगी। इस मौके पर महाप्रबंधक परियोजना जेएस अहलावत, अपर महाप्रबंधक मानव संसाधन एसएन पाणिग्राही, अपर महाप्रबंधक सिविल एके भट्टाचार्य आदि मौजूद रहे।