अंबेडकरनगर। सीएमएस के आवास में घुसकर बदमाशों ने रविवार की रात जमकर उत्पात मचाया। न सिर्फ आवास में तोड़फोड़ की, बल्कि वहां मौजूद कर्मचारी की पिटाई कर दी। साथ ही उसे जान से मारने की धमकी भी दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने आवास के दरवाजे को बाहर से बंद कर दिया। संयोग था कि सीएमएस आवास में नहीं थे। वह किसी काम से दिल्ली गए हुए थे। बाद में प्रभारी सीएमएस के नेतृत्व में चिकित्सकों के प्रतिनिधि मंडल ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को मामले में केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। पुलिस ने पीड़ित फॉलोवर की तहरीर के आधार पर पांच अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। एसपी आलोक प्रियदर्शी ने भी मौके पर पहुंचकर जायजा लिया और जरूरी जानकारी हासिल की।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ओमप्रकाश का फॉलोवर कालिका उर्फ कल्लू रविवार की रात सीएमएस आवास में मौजूद था। सीएमएस डॉ. ओमप्रकाश किसी काम से दिल्ली गए हुए थे। ऐसे में आवास पर कल्लू अकेला ही था। आरोप है कि रविवार की रात लगभग 11 बजे पांच बदमाश वहां पहुंचे और दरवाजा खटखटाया। कल्लू ने जैसे ही दरवाजा खोला, तो आरोप है कि अभद्रता करते हुए बदमाश आवास में घुस गए और तोड़फोड़ करने लगे। कल्लू ने जब इसका विरोध किया, तो बदमाशों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। वहां रखे कुछ जरूरी कागजात भी फाड़ दिए। इसके बाद बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। भागने से पहले बदमाशों ने मुख्य गेट को बाहर से बंद कर दिया।
बताया जाता है कि सोमवार को सुबह एक अन्य फॉलोवर जब वहां पहुंचा, तो घर के बाहरी दरवाजे को बाहर से बंद पाया। उसने आसपास के लोगों से इस संबंध में जानकारी ली। आसपास के लोगों ने दरवाजा खोला और अंदर गए तो वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गए। चारो तरफ सामान फैला हुआ और कालिका सो रहा था। उसे जगाया गया, तो उसने पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। वारदात की जानकारी चिकित्सकों को हुई, तो उनमें नाराजगी व्याप्त हो गई।
इसके बाद प्रभारी सीएमएस डॉ. मनोज शुक्ला व डॉ. विजय तिवारी ने पीड़ित कल्लू के साथ कोतवाली पहुंचकर पुलिस को मामले की जानकारी दी। साथ ही कल्लू ने केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। कोतवाल अमित कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पांच अज्ञात के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है। इस बीच सोमवार को एसपी आलोक प्रियदर्शी ने जिला अस्पताल परिसर स्थित सीएमएस आवास पर पहुंचकर जायजा लिया और जरूरी जानकारी हासिल की। उन्होंने चिकित्सकों को आश्वस्त किया कि उनको सुरक्षा प्रदान की जाएगी।