अंबेडकरनगर। अकबरपुर क्षेत्र के ग्राम करतोरा में स्वतंत्रता सेनानी स्व. दयाराम वर्मा की 106वीं जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भाजपा नेता कपिल देव वर्मा ने प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कहा कि आजादी केवल तिरंगे तक सीमित नहीं, बल्कि सेवा और जिम्मेदारी से जुड़ी हुई है।
डॉ. जेके वर्मा ने शिक्षा को समाज और विकास की रीढ़ बताया, जबकि सपा नेता सुरेश कुमार वर्मा ने युवाओं को देशभक्ति के लिए प्रेरित किया। राष्ट्रपति पुरस्कार विजेता पूर्व प्रधानाचार्य डॉ. राम उजागिर वर्मा ने स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान भाषणों में नहीं, बल्कि ईमानदार कर्म में दिखाने पर जोर दिया। जयंती पर मेधावी छात्रों को एक-एक हजार रुपये नकद और प्रशस्ति पत्र, कक्षा 3 से 8 तक के 18 विद्यार्थियों को प्रोत्साहन उपहार दिए गए। एमबीबीएस में चयनित सविता नंदन वर्मा और स्वास्थ्य विभाग में चयनित दिलीप वर्मा का सम्मान किया। नन्हें विद्यार्थियों को स्टेशनरी किट वितरित की गई।
कार्यक्रम में महिला नेता मनोजा पटेल और डॉ. अमित सहाय के सहयोग से जरूरतमंदों को कंबल बांटे गए। समापन पर स्वतंत्रता सेनानी के पौत्र घनश्याम वर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर अवधेश वर्मा, बजरंगी वर्मा, सीएल वर्मा, महेश पाल, उदयभान वर्मा, अजय वर्मा समेत अन्य लोेग मौजूद रहे।