अंबेडकरनगर। दो मेधावी बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने की जिम्मेदारी डीएम ने ली है। उन्होंने कहा कि जिले का कोई भी मेधावी आर्थिक दिक्कतों के चलते बेहतर पढ़ाई से वंचित नहीं रहेगा। इसके लिए जल्द ही विशेष फंड बनाया जाएगा।
भियांव विकास खंड के जगदीशपुर कपिलेश्वर गांव पहुंचे डीएम अविनाश सिंह रविवार को तालाब के सुंदरीकरण कार्य का जायजा लेने के बाद ग्रामीणों से मुलाकात की थी। इस दौरान पता चला कि दो मेधावियों को पढ़ाई में आर्थिक दिक्कत आ रही है। डीएम ने उन्हें कलेक्ट्रेट बुलाया। सोमवार को गांव के कमलेश कुमार के पुत्र अभय व राकेश की पुत्री रिया परिजनों के साथ डीएम से मिलने पहुंची।
डीएम ने दोनों बच्चों का मनोबल बढ़ाया। कहा कि उनकी की पढ़ाई संबंधित खर्च की पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। उन्होंने दोनों बच्चों से पूरी एकाग्रता के साथ पढ़ाई जारी रखने को कहा। डीएम ने ग्रामीणों से कहा कि महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए जरूरी प्रयास किए जाएं। भियांव ब्लाॅक में भरवा मिर्च का उत्पादन बढ़ाने और उसे ब्रांड के तौर पर विकसित करने पर काम करने का आह्वान किया।